Full Story

नई दिल्ली। होटल, रेस्त्रां और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने गुरुवार से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत 62.50 रुपये बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में अब 2,810 रुपये का सिलेंडर दिल्ली में सितंबर के दौरान 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,747.50 रुपये थी। अब इसमें 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद गुरुवार से इसकी नई कीमत 2,810 रुपये हो गई है। मुंबई से चेन्नई तक बढ़े दाम मुंबई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 63.50 रुपये महंगा होकर अब 2,764.50 रुपये का हो गया है। चेन्नई में इसकी कीमत 66.50 रुपये बढ़कर 2,983 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में सबसे ज्यादा 70 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और यहां 19 किलो का सिलेंडर अब 2,954 रुपये में मिलेगा। दूसरे शहरों में भी परिवहन लागत समेत अन्य कारकों के हिसाब से कीमतों में लगभग इसी अनुपात में बढ़ोतरी हुई है। लगातार दूसरे महीने लगा झटका कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी है। इससे पहले सितंबर में भी दाम बढ़ाए गए थे। उस समय दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये का इजाफा किया गया था। अब अक्टूबर की शुरुआत में एक बार फिर कीमत बढ़ने से होटल, रेस्त्रां और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए रसोई गैस पर खर्च बढ़ गया है। घरेलू एलपीजी पर राहत बरकरार घरेलू रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर बनी हुई है। चार महानगरों में घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर कोलकाता में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये पर स्थिर है। यानी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं पर फिलहाल अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा है। होटल-रेस्त्रां की बढ़ेगी एलपीजी लागत नई दरें लागू होने के बाद होटल, रेस्त्रां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 19 किलो के एलपीजी सिलेंडर के लिए पहले से ज्यादा रकम चुकानी होगी। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है, जबकि घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होने से आम घरेलू उपभोक्ताओं को राहत बरकरार है।