Full Story
मुंबई। अभिनेता गोविंदा की निजी जिंदगी और उनके आसपास नजर आने वाली महिलाओं को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के बीच अभिनेत्री कुब्रा सैत ने तीखी प्रतिक्रिया दी और सवाल उठाया है कि आखिर किसी सेलिब्रिटी को पसंद करने वाले प्रशंसक कब से उसकी निजी जिंदगी के ‘प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर’ बन गए और सामान्य गॉसिप कब जजमेंट में बदल गई। ‘90 का दशक इस आदमी के नाम था’ इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कुब्रा ने सबसे पहले उस गोविंदा को याद किया, जिन्हें देखते हुए वह बड़ी हुई हैं। उन्होंने अभिनेता को सुपरस्टार, आइकन और लीजेंड बताते हुए कहा कि पूरा 90 का दशक उनके नाम था। इसके बाद उन्होंने सवाल उठाया कि आज गोविंदा को लेकर होने वाली बातचीत उनकी निजी जिंदगी के इर्द-गिर्द क्यों सिमटती जा रही है। ‘पास खड़ी लड़की भी मिस्ट्री वुमन?’ कुब्रा ने गोविंदा के आसपास नजर आने वाली महिलाओं को तुरंत ‘मिस्ट्री वुमन’ या ‘तथाकथित गर्लफ्रेंड’ कहे जाने पर तंज कसा। उन्होंने सवाल किया कि अगर कोई लड़की अभिनेता के आसपास खड़ी है या उनके पास दिखाई देती है तो उसे ऐसे नाम देने के निष्कर्ष पर आखिर कौन और किस आधार पर पहुंच रहा है। सुनीता के समर्थन में खुलकर बोलीं कुब्रा अभिनेत्री ने गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का भी जिक्र किया। कुब्रा के मुताबिक, वह सुनीता से व्यक्तिगत रूप से मिल चुकी हैं। उन्होंने सुनीता को “फनी, बेबाक, आउटरेजियस और शानदार” बताया। कुब्रा ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई कि जब भी गोविंदा को लेकर किसी कथित अफेयर की चर्चा सामने आती है तो सुनीता से उसका जवाब मांगा जाता है। उनके मुताबिक, केवल सुनीता ही नहीं बल्कि अफवाहों में शामिल कर दी जाने वाली दूसरी महिलाओं से भी उन बातों पर सफाई की उम्मीद की जाती है, जिन्हें उन्होंने शुरू तक नहीं किया। कुब्रा ने कहा, “आज जब भी बाजार में कोई अफेयर आता है, तो उन्हें मुड़कर इसका जवाब देना पड़ता है। उन्हें छोड़िए, उन पांच दूसरी महिलाओं को भी इसका जवाब देना पड़ता है।” ‘गॉसिप आखिर जजमेंट कब बन गया’ वीडियो में कुब्रा ने इस पूरी बहस के केंद्र में एक सवाल रखा, “आखिर गॉसिप, गॉसिप न होकर जजमेंट कब बन गया?” उनका जोर इस बात पर रहा कि किसी सार्वजनिक व्यक्ति के काम को लेकर उत्सुकता और उसकी निजी जिंदगी में दखल देने के बीच एक सीमा होनी चाहिए। कुब्रा ने स्वीकार किया कि पब्लिक फिगर होने के कारण लोगों की नजर उन पर रहती है। इसके बावजूद उन्होंने निजी जिंदगी की सीमाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “मैं एक पब्लिक फिगर हूं, मैं समझती हूं। मेरी जिंदगी बहुत मुश्किल है, लेकिन वह मेरा काम है। आप मेरी पर्सनल लाइफ को लेकर उसे पब्लिक स्पिटून क्यों बना रहे हैं? मतलब, आपसे किसने पूछा?” महिलाओं के सम्मान पर भी उठाई आवाज अभिनेत्री ने अपनी बात को सिर्फ सेलिब्रिटी गॉसिप तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल किसी भयावह घटना के बाद नहीं होना चाहिए, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी और उनके व्यक्तिगत फैसलों में भी उनके प्रति सम्मान जरूरी है। कुब्रा ने बिना पुष्टि वाली अटकलों पर भद्दे कमेंट करने और केवल क्लिक या वायरल होने के लिए वीडियो बनाने वालों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने लोगों से यह सोचने की अपील की कि क्या सोशल मीडिया पर सामने आने वाली हर गॉसिप में शामिल होना वास्तव में जरूरी है। ‘बस फैन बनिए, उसका मजा लीजिए’ वीडियो के आखिर में कुब्रा ने हल्के अंदाज में अपनी बात समेटी। उन्होंने एक मशहूर लाइन का जिक्र करते हुए संदेश दिया कि अगर किसी के बारे में कुछ अच्छा नहीं कहा जा सकता तो कुछ न कहना बेहतर है। उनका कहना था कि बस फैन बनिए और फैन होने का मजा लीजिए। पहले भी बेबाकी से बोलती रही हैं कुब्रा कुब्रा सैत इससे पहले भी विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती रही हैं। वह महिलाओं की सुरक्षा, रोजमर्रा में महिलाओं को झेलने वाले जजमेंट, बॉडी इमेज, सोशल मीडिया के दबाव और समाज में सहानुभूति जैसे विषयों पर अपनी बात सामने रख चुकी हैं। गोविंदा और सुनीता आहूजा को लेकर सामने आया उनका नया वीडियो भी सेलिब्रिटी की निजी जिंदगी, सोशल मीडिया गॉसिप और उसकी सीमाओं पर सवाल उठाता है।



Comments
0