Full Story
पटना। नीट यूजी प्रवेश परीक्षा 2024 के प्रश्न पत्र लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के विशेष न्यायाधीश मोहम्मद रुस्तम की अदालत में मामले की चल रही स्पीडी ट्रायल में बुधवार को सीबीआई ने तीसरा गवाह अदालत में पेश किया। तीसरे गवाह के रूप में सीबीआई ने झारखंड के हजारीबाग स्थित ओएसिस स्कूल के शिक्षक कुणाल अभिषेक को पेश किया। गवाही सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक सत्यजीत सिंह ने करायी। मुख्य परीक्षण और प्रति परीक्षण के बाद गवाह को उन्मुक्त कर दिया गया। इस मामले की अगली सुनवाई 15अक्टूबर को होगी। विशेष लोक अभियोजक ने बताया कि इसी स्कूल से प्रश्न पत्र लीक होने का आरोप है। अदालत 53 आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल के तहत मामले की सुनवाई कर रही है। गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा 05 मई 2024 को पूरे देश में नीट यूजी 2024 की परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के दौरान गड़बड़ी करने के आरोप में आरोपितों के खिलाफ पटना के शास्त्रीनगर थाना में कांड संख्या 358/ 2024 दर्ज किया गया था। बाद में मामला आर्थिक अपराध ईकाई को सौंप दिया गया। उसके बाद प्रश्न पत्र लीक होने का मामला उजागर हुआ और केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी । इस मामले में सीबीआई ने 54 लोगों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है।



Comments
0