Full Story

मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में हरैया थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने 25 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। नेपाल की ओर से आ रही सफेद अल्टो कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखे गए 12 बंडल जब्त किए गए। मौके से सिवान टोला निवासी बिकु पटेल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से सिवान टोला के रास्ते एक कार में मादक पदार्थों की खेप रक्सौल लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार आनंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सिवान टोला चेकपोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध अल्टो कार को रोका। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड के अंदर काली और लाल प्लास्टिक में लपेटे 12 बंडल मिले। इनका कुल वजन 25 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में 47वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक कमांडेंट दीपांशु चौहान, छौड़ादानों के अंचल पुलिस निरीक्षक रंजय कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक मंजीत कुमार तथा पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल थे। सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद बरामद मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।