Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित बलुआ आजाद नगर में गुरुवार को आरडब्लूडी के कैशियर के आवास से हुई 50 लाख की लूट के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुक्रवार को जारी बयान में बताया गया है कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में गठित एसआईटी मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे सूचना मिली कि ग्रामीण कार्य विभाग में कैशियर के पद पर कार्यरत अनिल कुमार गुप्ता के बलुआ आजाद नगर स्थित आवास से कुछ लोग जमीन, एलआईसी से संबंधित कागजात और जेवरात लेकर चले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी गठित की। टीम में नगर थाना और जिला आसूचना इकाई के कर्मियों को भी शामिल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि शाम करीब 4:30 बजे कुछ व्यक्ति अनिल कुमार गुप्ता के आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने उनकी पत्नी से अनिल कुमार गुप्ता से संबंधित एक फाइल पर हस्ताक्षर कराने की बात कही थी। इसके बाद घर से जमीन और एलआईसी से संबंधित कागजात तथा जेवरात ले जाए जाने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती छानबीन में आवास में प्रवेश करने वाले व्यक्ति अनिल कुमार गुप्ता से पूर्व परिचित प्रतीत होते हैं। फिलहाल एसआईटी घटना की वास्तविक प्रकृति, इसमें शामिल व्यक्तियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।