Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले चौबीस घंटे के दौरान दो अलग-अलग सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और मजदूर की मौत हो गई जबकि चिरैया में पिकअप की टक्कर से मजदूर की हुई मौत के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाए रखा। मोतीपुर से लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर पहला हादसा गुरुवार की रात पिपराकोठी थाना क्षेत्र के मोहनापुल के समीप हुआ। मोतिहारी के न्यू चांदमारी निवासी अशोक कुमार सिंह के 31 वर्षीय पुत्र अनूप कुमार बाइक से मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनूप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मोतिहारी ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मजदूरी कर घर लौट रहे अखिलेश को पिकअप ने मारी ठोकर दूसरी घटना मोतिहारी-ढाका मुख्य मार्ग पर मिश्रौलिया पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार शाम हुई। चिरैया थाना क्षेत्र के बड़का सपगाढ़ा गांव निवासी रघुनाथ सिंह के 30 वर्षीय पुत्र अखिलेश सिंह मोतिहारी से मजदूरी कर टेम्पो से घर लौट रहे थे।सेनुवारिया मोड़ पर टेम्पो से उतरने के बाद वह पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें मोतिहारी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।अखिलेश के साथ मजदूरी कर लौट रहे अरुण महतो और शिवपूजन महतो ने पिकअप को रोककर चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन जब्त कर लिया है। शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, दो घंटे तक यातायात बाधित अखिलेश की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। शुक्रवार को लोगों ने शव सड़क पर रखकर मोतिहारी-ढाका मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार को तत्काल मुआवजे का चेक देने या जिलाधिकारी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीण अपनी मांग पूरी होने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, पत्नी को मिला 20 हजार का चेक सड़क जाम की सूचना पर चिरैया के अंचल अधिकारी सुमन सौरभ, राजस्व पदाधिकारी श्रीनिवास प्रसाद और अपर थानाध्यक्ष मधुकर कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण जाम हटाने पर सहमत हुए। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने मृतक अखिलेश सिंह की पत्नी सोनी कुमारी को दाह-संस्कार के लिए 20 हजार रुपये का चेक सौंपा। इसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका।



Comments
0