Full Story
मोतिहारी। एक ओर मां दुर्गा की आराधना में महिला शक्ति के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लिया जा रहा है तो दूसरी ओर बिहार के पूर्वी चंपारण में एक नवविवाहिता के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने सुरक्षा के दावों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। पूजा के लिए निकले नवदंपती को रास्ते में रोककर मारपीट करने और नवविवाहिता को बगीचे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। रविवार को मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव के समीप हुई इस घटना में पुलिस ने आठ युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र का नवविवाहित दंपती मां दुर्गा की पूजा के लिए मधुबन आ रहा था। इसी दौरान बंजरिया गांव की सरेह के पास कुछ युवकों ने उन्हें कथित तौर पर जबरन रोक लिया। आरोप है कि दंपती के साथ मारपीट करने के बाद नवविवाहिता को पास के एक बगीचे में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस वारदात ने एक ऐसे सफर को भयावह अनुभव में बदल दिया, जो आस्था और नवजीवन की खुशियों से जुड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर कांड संख्या 363/26 दर्ज कर जांच शुरू की। श्यामपुर भटहां थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंबिकेश तिवारी, रिकी कुमार, अंकुश कुमार, राहुल कुमार, कंचन कुमार, मुन्ना कुमार, रणधीर कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। सभी शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के लालगढ़ जिम्मी सिंह टोला के निवासी बताए गए हैं। पीड़िता को मोतिहारी सदर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए रखा गया है। इसके लिए तीन सदस्यीय चिकित्सक दल गठित किया गया है, जिसमें अस्थि रोग, दंत रोग और स्त्री रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। रविवार की मध्य रात्रि तक जांच और उपचार की प्रक्रिया जारी रही। इस दौरान आवश्यक नमूने और वस्त्र आदि एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। फिलहाल पीड़िता की चिकित्सकीय जांच और उपचार जारी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपितों की चिकित्सकीय जांच के लिए भी तीन सदस्यीय चिकित्सक दल बनाया गया है। इसमें शल्य चिकित्सा, अस्थि रोग और दंत रोग के विशेषज्ञ शामिल हैं। घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है कि यह वारदात उस समय हुई, जब नवरात्र के दौरान पूरा जिला मां दुर्गा की आराधना में लीन है। महिलाओं के सम्मान और शक्ति की पूजा के बीच एक नवविवाहिता के साथ हुई कथित दरिंदगी ने महिला सुरक्षा के जमीनी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान और पुलिस दीदियों की तैनाती के बावजूद ऐसी घटना सामने आना इस बात की पड़ताल जरूरी बनाता है कि सुरक्षा के उपाय संवेदनशील और जोखिम वाले इलाकों तक कितने प्रभावी ढंग से पहुंच रहे हैं। आठ आरोपितों की गिरफ्तारी पुलिस की शुरुआती कार्रवाई है लेकिन इस मामले में आगे की जांच, साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण और पीड़िता को समुचित चिकित्सा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण होगा।



Comments
0