Full Story

मोतिहारी। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर पूर्वी चंपारण में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के 27 प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। जिले में कुल 1743 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,534 पुरुष और 209 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी ने बुधवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मतदान सामग्री, मतदानकर्मियों के प्रशिक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सामग्री कोषांग को मतदान केंद्रों पर भेजी जाने वाली सभी सामग्रियों का निर्धारित जांच सूची से मिलान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदान केंद्र पर आवश्यक सामग्री की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने लुअठहां स्थित श्री महावीर मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां सामग्री कोषांग कार्यरत है। यहां 22 अक्टूबर को प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पुनः प्रशिक्षण दिया जाना निर्धारित है। निर्वाचन कार्य में तैनात पदाधिकारियों को पहले ही दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। तीन स्तरों पर निगरानी, 45 सेक्टर-जोनल दंडाधिकारी तैनात मतदान के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 27 सेक्टर बनाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए 13 जोनल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक जोन के अंतर्गत दो से तीन सेक्टर रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त सात वरीय पदाधिकारियों को सुपर जोनल दंडाधिकारी बनाया गया है, जिन्हें तीन से चार प्रखंडों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को नियंत्रित करने के लिए अंतरजिला एवं अंतर्जिला चेकपोस्ट भी स्थापित किए गए हैं। जिले में नौ अंतरजिला चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जो मेहसी, कल्याणपुर, केसरिया, सुगौली, ढाका और पहाड़पुर प्रखंडों में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त जिले के भीतर 36 अंतर्जिला चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। अंतिम खैरियत प्रतिवेदन तक सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष मतदान से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान और निर्वाचन की निगरानी के लिए समाहरणालय स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह मतदान से दो दिन पूर्व से लेकर मतदान समाप्ति के बाद अंतिम खैरियत प्रतिवेदन प्राप्त होने तक कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06252-242418 जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।