Full Story

कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह किराना दुकानदार और अंडा व्यवसायी गंगा साह का शव कोसवन धार से बरामद हुआ। शाम को घर से निकले, फिर नहीं लौटे मृतक की पत्नी गीता देवी ने पुलिस को बताया कि गंगा साह किराने की दुकान चलाने के साथ अंडे का थोक कारोबार भी करते थे। शुक्रवार देर शाम पड़ोस में रहने वाला साहिल उन्हें घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। पति के लौटने में देर होने पर उन्होंने कई बार फोन कर जल्दी घर आने को कहा लेकिन रात करीब 10 बजे के बाद गंगा साह का मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। रातभर पति के घर नहीं लौटने से परेशान गीता देवी ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और उनकी तलाश शुरू की। अंडा लेने पहुंचे दुकानदार से मिला सुराग दुकानदार नकुल साह शनिवार सुबह गंगा साह के घर अंडा लेने पहुंचे। गीता देवी ने उनसे भी पति के बारे में पूछा। परिजनों के अनुसार, नकुल साह ने बताया कि उन्होंने गंगा साह को साहिल के साथ देखा था। इसी बीच सूचना मिली कि गंगा साह की बाइक कोसवन धार के किनारे पड़ी है। यह खबर मिलते ही परिवार के लोग नदी की ओर दौड़ पड़े। किनारे मिली चप्पल, पानी में मिला शव कोसवन धार पहुंचने पर परिजनों को नदी किनारे गंगा साह की चप्पल भी दिखाई दी। बाइक और चप्पल मिलने के बाद किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई। इसके बाद नदी में उनकी तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद गंगा साह का शव पानी में कचुए के नीचे दबा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मनोहरपुर और नारायणपुर पंचायत क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। पत्नी बोलीं—पति के पास थे 90 हजार रुपये गीता देवी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनोद कुमार के सामने पड़ोसी साहिल पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि गंगा साह के पास लगभग 90 हजार रुपये नकद थे। हालांकि, इस रकम का घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पत्नी के आरोपों और घटनास्थल से मिले सुरागों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक हिरासत में, पुलिस ने जताई मारपीट की आशंका घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ विनोद कुमार और थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कटिहार सादर अस्पताल भेज दिया। एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में दो पक्षों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अभी हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं की है। मौत की परिस्थितियों और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।