Full Story
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में आबादपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को चापाखोर-बाजितपुर सड़क पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल की ओर से आ रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 52.55 ग्राम स्मैक, दो देसी कट्टे, दो कारतूस, एक मोबाइल फोन, 3,500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बंगाल से स्मैक लेकर आने की मिली थी सूचना बारसोई अनुमंडल के आबादपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार युवक की पहचान बाजितपुर गांव निवासी सजीमूल हक उर्फ चैतु के रूप में हुई है। वह तमसुद्दीन का पुत्र है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक पश्चिम बंगाल की ओर से स्मैक की खेप लेकर बाजितपुर पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और चापाखोर-बाजितपुर पक्की सड़क पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी में स्मैक के साथ दो कट्टे और कारतूस बरामद पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार युवक की तलाशी के दौरान उसके पास से 52.55 ग्राम स्मैक के अलावा दो देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3,500 रुपये नकद और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। नशीले पदार्थ के साथ हथियारों की बरामदगी को देखते हुए पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पूर्णिया और बंगाल में भी रहा है आपराधिक इतिहास आबादपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद शादाब ने बताया कि गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक का पूर्व में पूर्णिया जिले और पश्चिम बंगाल में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया है। श्री शादाब ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



Comments
0