Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन में चोरी के आरोप में पकड़े गए नाबालिगों के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और भेलवा निवासी जयकिशोर झा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि 16 अक्टूबर को वायरल वीडियो की जांच में घटना मधुबन थाना क्षेत्र की पाई गई। बताया गया कि मधुबन थाना कांड संख्या 353/26 के चोरी के मामले में कुछ लोगों ने आरोपितों को पकड़ा था। उनके पास से कथित तौर पर चोरी के 39 हजार रुपये भी बरामद हुए थे। हालांकि, पुलिस को सौंपने से पहले कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति थप्पड़ मारते और दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहा है। जांच के बाद वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान भेलवा निवासी जयकिशोर झा के रूप में हुई। इसके बाद मधुबन थाना कांड संख्या 361/26 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी का आरोप किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं देता। ऐसी स्थिति में लोगों को आरोपितों के साथ मारपीट करने के बजाय पुलिस को सूचना देनी चाहिए। पुलिस ने नाबालिगों की पहचान गोपनीय रखते हुए मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।