Full Story

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे जंतर-मंतर को अब निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है और केंद्रीय गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान तथा पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को विरोध-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान घोषित किया गया है। जंतर-मंतर का प्रदर्शन स्थल का दर्जा खत्म दिल्ली के पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से जारी स्थायी आदेश के अनुसार, जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटा दिया गया है। इस फैसले के बाद जंतर-मंतर अब दिल्ली में धरना और विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल नहीं रहेगा। लंबे समय से विभिन्न संगठनों और प्रदर्शनकारियों के विरोध जताने का प्रमुख स्थान रहे जंतर-मंतर की जगह अब तीन नए स्थलों को आधिकारिक रूप से चिह्नित किया गया है। गृह मंत्रालय की समिति ने सुझाए तीन नए स्थान आदेश के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकों के विरोध-प्रदर्शन के अधिकार को ध्यान में रखते हुए मौजूदा निर्धारित स्थल के विकल्प तलाशने के लिए एक समिति गठित की थी। समिति को प्रदर्शनकारियों के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थानों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर दिल्ली में रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में घोषित किया गया है। अब इन तीन जगहों पर होंगे धरना-प्रदर्शन नए आदेश के तहत दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें मध्य दिल्ली का रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी ग्राउंड शामिल हैं। अब धरना-प्रदर्शन के आयोजन के लिए इन्हीं तीन स्थलों को निर्धारित स्थानों के रूप में मान्यता दी गई है। प्रदर्शन के नए नियम अलग से होंगे जारी दिल्ली पुलिस के स्थायी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नए निर्धारित स्थलों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की विस्तृत प्रक्रिया अभी अलग से जारी की जाएगी। इसके लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जाएगी, जिसमें इन स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने से जुड़े नियम और व्यवस्थाएं तय होंगी।