Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को 80 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। आतिशबाजी और उत्सवी माहौल के बीच बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक यह आयोजन संपन्न हुआ लेकिन कार्यक्रम के मंच से उठे सवालों ने उत्सव को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने भ्रष्टाचार, नशाखोरी, महिलाओं के प्रति असम्मान, जाति-मजहब के नाम पर विभाजन और अपराधियों को संरक्षण देने जैसी प्रवृत्तियों को आज के दौर का ‘आधुनिक रावण’ बताया। उन्होंने कहा कि रावण दहन की सार्थकता तभी है, जब समाज इन बुराइयों के खिलाफ खड़ा हो। कार्यक्रम से पहले ज्ञानबाबू चौक से भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं का जुलूस निकाला गया। नगर भ्रमण करते हुए जुलूस गांधी मैदान पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में रावण के पुतले का दहन किया गया। श्री सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी मैदान केवल एक आयोजन स्थल नहीं बल्कि सनातनी विरासत और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। ऐतिहासिक मोतिहारी की इसी धरती से महात्मा गांधी ने सत्याग्रह के माध्यम से दमनकारी सत्ता को चुनौती दी थी। भगवान श्रीराम की विजय का पर्व सत्य, न्याय और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रावण अत्यंत ज्ञानी और शक्तिशाली होने के बावजूद अहंकार, चरित्रहीनता और मर्यादा के उल्लंघन के कारण विनाश को प्राप्त हुआ। इसके विपरीत भगवान श्रीराम ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अधर्म पर विजय प्राप्त की। यही आदर्श रामराज्य की आधारशिला है। सामाजिक बुराइयों के खात्मे का संकल्प जरूरी सांसद ने कहा कि आज नशाखोरी, भ्रष्टाचार, महिलाओं के प्रति असम्मान, सामाजिक विभाजन और अपराधियों को संरक्षण देने जैसी प्रवृत्तियां समाज के सामने गंभीर चुनौती हैं। रावण दहन का वास्तविक संदेश केवल एक पुतले को जलाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। अपने भीतर के अहंकार, द्वेष और संकीर्णता को समाप्त करना तथा सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध संकल्प लेना ही इस पर्व की असली सार्थकता है। उन्होंने सुरक्षित समाज के निर्माण, महिलाओं के सम्मान, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और सामाजिक सौहार्द मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही लोगों से राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील की। विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प श्री सिंह ने कहा कि मोतिहारी का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं, किसानों की समृद्धि और युवाओं के स्वावलंबन के माध्यम से विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका संकल्प है। कार्यक्रम में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी, नगर निगम के पार्षद और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।



Comments
0