Full Story

मुंबई। प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स प्रस्तुत आगामी एक्शन ड्रामा ' प्रताप' में तिग्मांशु धूलिया की एंट्री हो चुकी है और इसी के मद्देनज़र फिल्म के मेकर्स ने उनका कैरेक्टर पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह एसीपी दलेर सिंह के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका यह लुक किरदार के अतीत और कहानी में उसकी भूमिका को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। वर्दी का रौब या अतीत का राज फिल्म के निर्माताओं ने तिग्मांशु धूलिया का नया कैरेक्टर पोस्टर जारी कर कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। पोस्टर में उनका किरदार जेल की सलाखों के पीछे दिखाई दे रहा है। एसीपी दलेर सिंह का यह अंदाज कई सवाल छोड़ता है। क्या उनके अतीत में कोई ऐसा राज छिपा है, जो उन्हें जेल तक ले आया? या फिर उनकी गिरफ्तारी के पीछे कोई दूसरी कहानी है? फिलहाल निर्माताओं ने इन सवालों का जवाब नहीं दिया है। अमित साध और ईशा देओल के बाद नया ट्विस्ट इससे पहले फिल्म से अमित साध और ईशा देओल के कैरेक्टर पोस्टर सामने आ चुके हैं। अब तिग्मांशु धूलिया की झलक ने कहानी में रहस्य की एक और परत जोड़ दी है। हालांकि, एसीपी दलेर सिंह का फिल्म की घटनाओं से क्या संबंध है और उनका किरदार कहानी को किस दिशा में ले जाएगा, इसका खुलासा अभी बाकी है। दमदार कलाकारों से सजी है 'प्रताप' 'प्रताप' की कहानी सचिन सराफ ने लिखी है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी उन्हीं के हाथों में है। फिल्म में तिग्मांशु धूलिया के साथ अमित साध, ईशा देओल, सीमा बिस्वास और मिलिंद गुणाजी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स के प्रस्तुतिकरण में बन रही इस फिल्म का संगीत यूवी म्यूजिक के बैनर तले रिलीज किया जाएगा। 26 अक्टूबर को खुलेगा कहानी का अगला पन्ना दर्शकों को फिल्म की पहली विस्तृत झलक के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। 'प्रताप' का ट्रेलर 26 अक्टूबर, 2026 को रिलीज किया जाएगा। उम्मीद है कि ट्रेलर से एसीपी दलेर सिंह के रहस्यमय किरदार और फिल्म की कहानी के बारे में कुछ नए संकेत मिलेंगे। 20 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक एक्शन और रहस्य से भरपूर कहानी के संकेत दे रही 'प्रताप' 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।