Full Story

मुंबई। आईटी कंपनियों में जोरदार लिवाली, टीसीएस के अच्छे तिमाही नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार ने पिछले कारोबारी सत्र की बड़ी गिरावट से उबरते हुए शानदार वापसी की और बीएसई सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23 प्रतिशत चढ़कर 72,472.33 अंक पर बंद हुआ तथा एनएसई निफ्टी 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,520.45 अंक हो गया। बड़ी गिरावट के बाद बाजार की दमदार वापसी पिछले कारोबारी दिवस की तेज बिकवाली के बाद शुक्रवार को निवेशकों का भरोसा लौटता दिखाई दिया। खरीदारी केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी दर्ज की गई। निफ्टी मिडकैप-50 में 1.55 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.54 प्रतिशत मजबूत हुआ। आईटी शेयर बने तेजी के इंजन बाजार की तेजी में सबसे बड़ी भूमिका आईटी कंपनियों ने निभाई। दूसरी तिमाही में टीसीएस के अच्छे वित्तीय नतीजों के बाद आईटी शेयरों में खरीदारी बढ़ी और निफ्टी आईटी इंडेक्स 3.02 प्रतिशत उछल गया। टीसीएस के अच्छे तिमाही परिणाम और अंतरिम लाभांश की घोषणा का असर उसके शेयर पर भी दिखाई दिया। कंपनी का शेयर करीब सवा चार प्रतिशत चढ़ गया। इंफोसिस में भी अच्छी खरीदारी रही और उसका शेयर तीन से साढ़े तीन प्रतिशत की तेजी वाले प्रमुख शेयरों में शामिल रहा। एफएमसीजी से बैंकिंग तक हरियाली आईटी के अलावा दूसरे प्रमुख सेक्टरों ने भी बाजार की तेजी को मजबूती दी। एफएमसीजी इंडेक्स 2.20 प्रतिशत चढ़ा। ऑटो में 1.42 प्रतिशत, बैंकिंग में 1.36 प्रतिशत, वित्तीय सेवाओं में 1.33 प्रतिशत, मीडिया में 1.23 प्रतिशत, धातु में 1.10 प्रतिशत, स्वास्थ्य क्षेत्र में 1.09 प्रतिशत और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह में एक प्रतिशत की तेजी रही। तेल एवं गैस अकेला ऐसा सेक्टर रहा, जो लाल निशान में बंद हुआ। सेंसेक्स में लगभग चौतरफा खरीददारी सेंसेक्स की कंपनियों में भी तेजी का दायरा काफी व्यापक रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज में करीब आधा प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर बाकी सभी शेयर हरे निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा तेजी आईटीसी में रही, जिसका शेयर करीब पौने पांच प्रतिशत चढ़ गया। टीसीएस में करीब सवा चार प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। अडानी पोर्ट्स और इंफोसिस के शेयर तीन से साढ़े तीन प्रतिशत तक मजबूत हुए। बैंक से ऑटो तक शेयरों में तेजी एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, टाटा स्टील और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर एक से दो प्रतिशत तक चढ़े।टाइटन, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडिगो, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, बीईएल और कोटक महिंद्रा बैंक भी बढ़त में रहे। कच्चे तेल की नरमी से भी मिला सहारा आईटी कंपनियों में खरीदारी के साथ कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी घरेलू बाजार में निवेश धारणा को मजबूती दी। एक दिन पहले बड़ी गिरावट झेलने वाले बाजार के लिए शुक्रवार का सत्र राहत लेकर आया। आईटी शेयरों की अगुवाई में हुई चौतरफा खरीदारी से निफ्टी फिर 22,500 के स्तर के पार निकल गया और मिडकैप-स्मॉलकैप ने भी तेजी में भागीदारी की।