Full Story

मुंबई। के. मणिकंदन के प्रशंसकों के लिए उनके जन्मदिन पर खास खबर सामने आई है। बिरला स्टूडियोज और नीलम स्टूडियोज ने अपनी आगामी एक्शन ड्रामा फिल्म ‘मक्कल कावलन’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसमें मणिकंदन मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। ‘बाइसन कालामाडन’ के बाद फिर साथ आए स्टूडियोज ‘बाइसन कालामाडन’ की थिएट्रिकल सफलता के बाद ‘मक्कल कावलन’ बिरला स्टूडियोज और नीलम स्टूडियोज की साथ आने वाली अगली फिल्म है। इस बार दोनों स्टूडियोज एक ऐसी कहानी लेकर आ रहे हैं, जिसमें एक्शन के साथ आम इंसान की जिंदगी, उसका संघर्ष और सम्मान के साथ जीने की उसकी चाहत केंद्र में रहेगी। मणिकंदन का नया अवतार ‘गुड नाइट’, ‘लवर’ और ‘कुडुंबस्थान’ जैसी सफल फिल्मों के बाद ‘मक्कल कावलन’ के. मणिकंदन की अगली फिल्म होगी। खास बात यह है कि इस फिल्म में वह पहली बार एक एक्शन ड्रामा में लीड रोल निभाते दिखाई देंगे। फिल्म को संतोष कुमार ने लिखा और निर्देशित किया है। कहानी एक ऐसे आम आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी जिंदगी सम्मान के साथ जीना चाहता है। लेकिन उसका सामना जब भ्रष्ट व्यवस्था से होता है तो उसके सामने दो रास्ते बचते हैं—सब कुछ चुपचाप सहना या उसके खिलाफ आवाज उठाना। अपनी लड़ाई से बन जाता है लोगों की आवाज कहानी में अपनी जिंदगी बचाने की एक आम आदमी की कोशिश धीरे-धीरे बड़ी लड़ाई में बदल जाती है। परिस्थितियां उसे ऐसी जगह लाकर खड़ा कर देती हैं, जहां वह बिना चाहे लोगों की आवाज बन जाता है और आखिरकार उनकी रक्षा के लिए खड़ा होता है। फिल्म इसी बदलाव और संघर्ष के सफर को पर्दे पर उतारेगी। मुश्किल हालात के बीच सपनों की उड़ान ‘मक्कल कावलन’ की कहानी में संघर्ष के साथ सपनों का पहलू भी अहम होगा। फिल्म इस विचार को सामने रखती है कि इंसान के सपनों की कोई सीमा नहीं होनी चाहिए। हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों, लगातार आगे बढ़ने की कोशिश इंसान को उसकी मंजिल तक पहुंचा सकती है। के. मणिकंदन ने अपने करियर की शुरुआत लेखन, डबिंग और सपोर्टिंग भूमिकाओं से की थी। अलग-अलग तरह के किरदार निभाते हुए उन्होंने धीरे-धीरे बतौर लीड अभिनेता अपनी पहचान बनाई। ऐसे में उनके जन्मदिन पर उनकी पहली लीड एक्शन ड्रामा फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान उनके करियर के सफर को भी खास बनाता है। मणिकंदन के साथ दिखेगी बड़ी स्टारकास्ट फिल्म में के. मणिकंदन के साथ वागई चंद्रशेखर, ए वेंकटेश, आर.के. विजयमुरुगन, शनमुगम मुथुसामी, सबुमोन, उन्नी माया, दिव्या श्रीपदा, जेनसन धिवाकर, लल्लू, जेमिनी मणि और रघु भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी प्रतीपन सेल्वरत्नम ने की है, जबकि एडिटिंग की जिम्मेदारी अरुल मोसेस और प्रोडक्शन डिजाइन पप्पनाडु सी. यू. उथयकुमार ने संभाला है। स्टंट्स डॉन अशोक , साउंड डिजाइन एंथनी जयरुबन , कॉस्ट्यूम डिजाइन सुरेशकुमार और मेकअप रामचंद्रन ने संभाला है। निवार्स के. प्रसन्ना के हाथों में संगीत ‘बाइसन कालामाडन’ के बाद संगीतकार निवार्स के. प्रसन्ना एक बार फिर फिल्म के लिए संगीत तैयार कर रहे हैं। एक्शन, संघर्ष और आम आदमी की कहानी के साथ उनका संगीत भी ‘मक्कल कावलन’ का अहम हिस्सा होगा। बिरला स्टूडियोज और नीलम स्टूडियोज की ‘मक्कल कावलन’ 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मणिकंदन के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि दर्शक उन्हें पहली बार एक्शन ड्रामा में मुख्य भूमिका निभाते देखेंगे।