Full Story
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के समापन के दौरान अपराधियों ने अपने दुस्साहस का परिचय देते हुए गुरुवार तड़के सोये अवस्था में एक दुकानदार दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरा जिला अंचभित हो उठा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराधियों ने गुरुवार तड़के करीब चार बजे हटिया बाजार में चाय-नाश्ते की दुकान पर सो रहे दुकानदार को गोली मार दी और फायरिंग की आवाज सुनकर जागी उसकी पत्नी को भी निशाना बनाया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस की कथित लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की। इस दोहरे हत्याकांड से इस्माईलपुर बाजार और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सुबह चार बजे दुकान पर पहुंचे अपराधी, पति-पत्नी को मारी गोली नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साइन रजा ने बताया कि मृत दंपति की पहचान 40 वर्षीय रंजन मंडल और उनकी पत्नी की किरण देवी (34) के रूप में हुई है। रंजन मंडल इस्माईलपुर बाजार के हटिया में चाय और नाश्ते की छोटी दुकान चलाते थे। इसी दुकान से होने वाली कमाई पर परिवार का गुजारा होता था। सुबह करीब चार बजे कुछ अपराधी दुकान पर पहुंचे। उस समय रंजन मंडल सो रहे थे। हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी की नींद खुल गई। इसी दौरान भाग रहे अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी। हमले में पति-पत्नी दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। एक सप्ताह से लापता है दंपति का भतीजा दोहरे हत्याकांड के बीच परिवार से जुड़ी एक और गंभीर बात सामने आई है। मृत दंपति का एक भतीजा पिछले करीब एक सप्ताह से लापता है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की लिखित सूचना स्थानीय पुलिस को दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस ने दुर्गा पूजा की विधि-व्यवस्था में व्यस्त होने का हवाला देकर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। भतीजे के लापता होने और दंपति की हत्या के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, पुलिस पर फूटा गुस्सा हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने मृत दंपति के शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही वे लापता भतीजे के मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई चाहते हैं। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। हत्या की वजह अब तक साफ नहीं, विशेष टीम कर रही जांच श्री रजा ने बताया कि दंपति की हत्या के पीछे की वजह का तत्काल पता नहीं चल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम बनाई गई है। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों और हत्या के संभावित कारणों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।



Comments
0