Full Story
मोतिहारी। तिरंगा स्थापना पर खर्च की गई राशि से जुड़ी खबर प्रकाशित करने और सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगने के बाद बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रक्सौल के पत्रकार जयप्रकाश गुप्ता के दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कथित तौर पर विद्वेषपूर्ण कार्रवाई किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। मोतिहारी प्रेस क्लब ने इसे गंभीरता से लेते हुए 28 अक्टूबर को जांच टीम रक्सौल भेजने का निर्णय लिया है। क्लब ने जिलाधिकारी से जांच में प्रशासनिक सहयोग और टीम की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय कौशिक के आवास पर शनिवार को हुई बैठक में मामले पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार, क्लब के उपाध्यक्ष नरेंद्र झा के नेतृत्व में गठित टीम रक्सौल जाकर शिकायत की तथ्यात्मक जांच करेगी। जांच रिपोर्ट अध्यक्ष को सौंपे जाने के बाद जिलाधिकारी को मांग पत्र देकर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। खबर के बाद कार्रवाई करने का आरोप प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र के मुताबिक, पत्रकार जयप्रकाश गुप्ता ने नगर परिषद, रक्सौल में तिरंगा स्थापना पर खर्च की गई राशि से संबंधित खबर प्रकाशित एवं प्रसारित की थी। उन्होंने इस संबंध में सूचना के अधिकार के तहत भी जानकारी मांगी थी। गुप्ता की शिकायत है कि इसके बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर बिना किसी नोटिस या पूर्व सूचना के उनके दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की। शिकायत में प्रतिष्ठानों और सामान को क्षति पहुंचाने, आर्थिक रूप से दंडित करने तथा कई सामान जब्त करने के बावजूद जब्ती सूची उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए गए हैं। प्रेस क्लब ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया है। मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है। डीएम से हस्तक्षेप की मांग प्रेस क्लब ने जिलाधिकारी (डीएम) से अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और अंचलाधिकारी, रक्सौल को जांच टीम के साथ सहयोग करने का निर्देश देने का आग्रह किया है। साथ ही, जांच के दौरान टीम की सुरक्षा के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई है। क्लब ने कहा कि पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनके पेशेवर दायित्वों के निर्वहन में बाधा डालने के मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक दबाव के जरिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन करने की कोशिशों का विधिसम्मत प्रतिकार किया जाएगा। क्लब का कहना है कि पत्रकारों की स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन एकजुट होकर खड़ा रहेगा। बैठक में संजय कौशिक, नरेंद्र झा, राकेश कुमार, राजनदत्त द्विवेदी, ज्ञानेश्वर गौतम, सचिन पांडेय, कैलाश गुप्ता, ब्रजेश झा, अंशारुल हक, रजनीश कुमार, अमरजीत कुमार सिंह, रोहित कुमार, अरुण सिंह, डी.एन. कुशवाहा, निर्भय रंजन, दीपक कुमार, मोहम्मद आशिफ, कमाल इस्लाम, जयप्रकाश गुप्ता और शैलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में डिजिटल मीडिया के पत्रकार उपस्थित थे।



Comments
0