Full Story
मुंबई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर (एलटीसीजी) और प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) संबंधी टिप्पणियों के बाद आईटी शेयरों में जोरदार लिवाली से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी रही और सेंसेक्स 1,109.10 अंक यानी 1.54 प्रतिशत उछलकर 73,033.78 पर तथा निफ्टी 358.60 अंक यानी 1.60 प्रतिशत चढ़कर 22,721.95 अंक पर पहुंच गया। एक दिन की गिरावट के बाद बाजार ने पकड़ी रफ्तार बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र के 71,924.68 अंक के मुकाबले मंगलवार को 71,951.73 अंक पर खुला।कारोबार के दौरान सेंसेक्स 73,045.67 अंक के ऊपरी और 71,703.56 अंक के निचले स्तर तक पहुंचा। अंत में यह 1,109.10 अंक की बढ़त के साथ 73,033.78 पर रहा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी पिछले बंद स्तर 22,363.35 के मुकाबले 22,364.15 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 22,288.45 अंक तक फिसला, लेकिन बाद में तेजी से संभलते हुए 22,721.95 पर पहुंच गया। इस तरह दोनों प्रमुख सूचकांकों में डेढ़ प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। आईटी शेयरों में जबरदस्त खरीददारी, सेक्टर करीब 5% चढ़ा मंगलवार की तेजी में सूचना प्रौद्योगिकी यानी आईटी क्षेत्र के शेयर सबसे आगे रहे। बीएसई का आईटी सूचकांक 4.92 प्रतिशत उछला, जबकि फोकस्ड आईटी सूचकांक में 5.05 प्रतिशत की तेजी रही। आईटी शेयरों में खरीदारी ने प्रमुख सूचकांकों को ऊपर ले जाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा रियल्टी क्षेत्र का सूचकांक 2.48 प्रतिशत, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.50 प्रतिशत, मेटल 1.44 प्रतिशत, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक 1.31 प्रतिशत और ऑटो सूचकांक 1.26 प्रतिशत चढ़ा। एफएमसीजी में 1.22 प्रतिशत और वित्तीय सेवा क्षेत्र में 1.19 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। एचसीएल टेक 8.28% उछला, टीसीएस और टेक महिंद्रा भी चमके सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज सबसे ज्यादा फायदे में रही। कंपनी का शेयर 8.28 प्रतिशत यानी 101 रुपये चढ़कर 1,321 रुपये पर पहुंच गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शेयर 6.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,267 रुपये पर रहा। टेक महिंद्रा में 4.90 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और इसका शेयर 1,542 रुपये पर पहुंच गया। इन्फोसिस का शेयर 4.44 प्रतिशत चढ़कर 1,062.20 रुपये पर रहा। आईटी क्षेत्र की इन चार प्रमुख कंपनियों में तेज खरीदारी से बाजार की तेजी को मजबूती मिली। हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट और बजाज के शेयरों में भी तेजी आईटी के अलावा दूसरे क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर 2.94 प्रतिशत चढ़कर 1,875.50 रुपये और ट्रेंट का शेयर 2.61 प्रतिशत बढ़कर 2,986 रुपये पर पहुंच गया। बजाज फिनसर्व में 2.43 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 2.27 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। टाइटन 1.70 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.69 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.69 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.59 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक 1.58 प्रतिशत चढ़े। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, आईटीसी और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर भी बढ़त में रहे। सेंसेक्स के सिर्फ तीन शेयर गिरे बाजार में व्यापक तेजी के बीच सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 27 के शेयर बढ़त में रहे, जबकि केवल तीन शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 0.90 प्रतिशत गिरकर 439 रुपये पर आ गया। मारुति सुजुकी में 0.60 प्रतिशत की गिरावट रही और इसका शेयर 11,254.90 रुपये पर बंद हुआ। इटरनल का शेयर भी 0.60 प्रतिशत फिसलकर 321 रुपये पर रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त बड़ी कंपनियों के साथ मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी रही, हालांकि इनकी बढ़त सेंसेक्स और निफ्टी के मुकाबले सीमित रही। बीएसई 150 मिडकैप सूचकांक 0.92 प्रतिशत चढ़कर 16,086.94 अंक पर पहुंच गया। वहीं, बीएसई 250 स्मॉलकैप सूचकांक 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,987.27 अंक पर रहा। बैंकिंग क्षेत्र में भी खरीदारी रही। बीएसई बैंकेक्स 0.93 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक 0.82 प्रतिशत और शीर्ष 10 बैंकों का सूचकांक 0.97 प्रतिशत चढ़ा। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख भारतीय बाजार की जोरदार तेजी के बीच प्रमुख एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक 0.30 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.10 प्रतिशत चढ़ा। दूसरी ओर, जापान का निक्केई सूचकांक 1.82 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.46 प्रतिशत गिरा।



Comments
0