Full Story

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को भारी उतार-चढ़ाव के बीच शुरुआती कारोबार में 830 अंक तक उछला सेंसेक्स अपनी बढ़त गंवाकर 73,709.69 अंक पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 77.60 अंक गिरकर 22,811.35 अंक पर आ गया। कारोबार की शुरुआत निवेशकों के लिए उत्साहजनक रही लेकिन दिन चढ़ने के साथ बाजार का रुख बदल गया। दोपहर तक बिकवाली इतनी तेज हो गई कि सेंसेक्स शुरुआती ऊंचाई से करीब 1,453 अंक नीचे आ गया। हालांकि, अंतिम घंटों में बाजार ने निचले स्तर से कुछ सुधार किया। सुबह जोरदार तेजी, दोपहर में बिकवाली का झटका सेंसेक्स बुधवार को पिछले बंद स्तर से 485 अंक ऊपर 74,337.93 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के दम पर यह जल्द ही 74,682 अंक तक पहुंच गया। इस स्तर पर सेंसेक्स करीब 830 अंक की बढ़त में था। लेकिन, तेजी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। दोपहर में बिकवाली बढ़ने से सेंसेक्स गिरकर 73,229.45 अंक तक आ गया, जो पिछले बंद स्तर से करीब 623 अंक नीचे था। बाद में निचले स्तरों से कुछ खरीदारी लौटने पर सेंसेक्स 73,709.69 अंक पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी-50 में दिन के अंत तक कमजोरी बनी रही। यह 77.60 अंक यानी 0.34 प्रतिशत गिरकर 22,811.35 अंक पर बंद हुआ। बाजार में बिकवाली का दबदबा, 2988 शेयर गिरे बाजार की कमजोरी केवल प्रमुख सूचकांकों तक सीमित नहीं रही। छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों में भी निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। एनएसई पर कारोबार करने वाली कुल 3698 कंपनियों में से 2988 के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। सिर्फ 608 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही जबकि 102 के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 19 के शेयर नुकसान में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप में ज्यादा नुकसान बड़ी कंपनियों की तुलना में छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों पर बिकवाली का असर अधिक दिखाई दिया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.60 प्रतिशत गिरा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप-100 में 2.37 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेक्टरवार कारोबार में टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, धातु, ऑटो, वित्त, मीडिया और रियल एस्टेट से जुड़े सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक कमजोर हुए। इसके उलट निफ्टी आईटी सूचकांक 2.88 प्रतिशत चढ़ा और गिरते बाजार में सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाला प्रमुख सेक्टर रहा। बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा टूटा, बैंकिंग शेयरों पर दबाव सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर 3.33 प्रतिशत गिरकर सबसे ज्यादा नुकसान में रहा। इटरनल के शेयर में 2.71 प्रतिशत, ट्रेंट में 2.32 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 2.11 प्रतिशत की गिरावट आई। एनटीपीसी 1.99 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.94 प्रतिशत, इंडिगो 1.39 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 1.38 प्रतिशत, बीईएल 1.29 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 1.05 प्रतिशत नीचे बंद हुए। टाटा स्टील, टाइटन, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, अडानी पोर्ट्स, एलएंडटी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर भी गिरावट से नहीं बच सके। आईटी शेयरों ने संभाला मोर्चा, एचसीएल टेक 3.40 प्रतिशत चढ़ा जहां ज्यादातर सेक्टर बिकवाली की चपेट में रहे वहीं आईटी कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीददारी देखने को मिली। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 3.40 प्रतिशत उछला। इंफोसिस में 3.31 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 3.21 प्रतिशत और टीसीएस में 2.88 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 1.80 प्रतिशत और भारती एयरटेल का 1.05 प्रतिशत मजबूत हुआ। पावरग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख वैश्विक शेयर बाजारों से बुधवार को मिले-जुले संकेत मिले। एशिया में जापान का निक्केई सूचकांक 0.85 प्रतिशत मजबूत हुआ। वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग 0.90 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.60 प्रतिशत गिर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान जर्मनी का डैक्स 0.71 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.05 प्रतिशत बढ़त में कारोबार कर रहा था।