Full Story

मुंबई। नेटफ्लिक्स के शो ‘चुंबक’ में किरण का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री संदीपा धर ने कॉमेडी की दुनिया में कदम रखने का श्रेय निर्देशक आतिश कपाड़िया को दिया है। संदीपा के मुताबिक, उन्होंने इससे पहले कभी कॉमेडी नहीं की थी और जब पहली बार शो के लिए फोन आया तो उनका पहला सवाल था कि ‘कॉमेडी और मैं?’ एक फोन कॉल से शुरू हुआ ‘चुंबक’ का सफर संदीपा ने बताया कि एक दिन आतिश कपाड़िया ने उन्हें फोन कर नए शो के बारे में जानकारी दी और इसके लिए टेस्ट देने को कहा। संदीपा के मुताबिक, कॉमेडी का प्रस्ताव सुनकर वह पहले हैरान रह गईं क्योंकि उन्होंने इससे पहले इस शैली में काम नहीं किया था। हालांकि, आतिश की बात सुनने के बाद उन्होंने टेस्ट देने के लिए हामी भर दी। कहानी सुनाने का अंदाज देख हो गईं तैयार संदीपा के लिए असली दिलचस्पी तब शुरू हुई, जब उनकी मुलाकात आतिश कपाड़िया से हुई और उन्होंने शो की पूरी कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि आतिश ने हर किरदार को खुद निभाते हुए कहानी इस अंदाज में सुनाई कि उन्हें लगा जैसे वह कोई नाटक देख रही हों। संदीपा के मुताबिक, उसी दौरान उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें ‘चुंबक’ का हिस्सा बनना है। किरण बनना नहीं था आसान शो में संदीपा किरण का किरदार निभा रही हैं, जिसे बाकी अजीबोगरीब किरदारों के बीच सबसे समझदार इंसान के रूप में पेश किया गया है। संदीपा ने बताया कि यही बात उनके लिए चुनौती भी थी। उन्हें अपने एक्शन और प्रतिक्रियाओं के जरिए कॉमेडी पैदा करनी थी, लेकिन साथ ही यह भी ध्यान रखना था कि अभिनय बनावटी न लगे। इस किरदार और उसकी कॉमेडी को सहज बनाए रखने के लिए उन्होंने आतिश कपाड़िया के साथ काफी चर्चा की। आतिश कपाड़िया को दिया कॉमेडी का श्रेय संदीपा धर का कहना है कि आतिश कपाड़िया की कहानी सुनाने की शैली और किरदारों को जीवंत करने का अंदाज ही उन्हें ‘चुंबक’ से जोड़ने की बड़ी वजह बना। पहली बार कॉमेडी में हाथ आजमा रहीं संदीपा के लिए ‘चुंबक’ एक अलग अनुभव रहा, जहां उनका किरदार खुद अजीबोगरीब हरकतें करने के बजाय अपने आसपास के किरदारों और परिस्थितियों पर सहज प्रतिक्रियाओं से हास्य पैदा करता है।