Full Story
सीवान। बिहार में सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खिलवा-पुरैना मार्ग पर पुरैना गांव के समीप एक मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटने से उस पर सवार एक किशोर की दबकर मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। गांव के युवक के साथ निकले थे बच्चे, रास्ते में हुआ हादसा पुलिस सूत्रों ने बताया कि सेमाटार गांव का एक युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर नैनीजोर से पुरैना गांव की ओर मिट्टी लाने जा रहा था। चालक के परिचित होने के कारण गांव के तीन किशोर भी उसके साथ चल पड़े। इनमें परमानंद राम का पुत्र बिट्टू कुमार (14), हरेंद्र राम का पुत्र आदित्य कुमार उर्फ राज (14) और धर्मेंद्र राम का पुत्र अभिषेक कुमार (16) शामिल थे। ट्रैक्टर अभी पुरैना गांव के पास पहुंचा ही था कि सड़क पर एक मोड़ के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर की ट्रॉली पलट गई और उस पर सवार तीनों किशोर उसके नीचे फंस गए। ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, ट्रैक्टर हटाकर बच्चों को निकाला दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। भारी ट्रैक्टर के नीचे फंसे किशोरों को निकालना आसान नहीं था। ग्रामीणों ने मिलकर ट्रैक्टर को सीधा किया और किशोरों को बाहर निकाला। इसके बाद बिट्टू और आदित्य को गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बिट्टू को मृत घोषित कर दिया। आदित्य के पैर में लगी चोट का उपचार किया गया वहीं अभिषेक को सुरक्षित बताया गया है। मजदूरी करने मैरवा गए थे पिता, घर पहुंची बेटे की मौत की खबर बिट्टू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता परमानंद राम मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शुक्रवार को भी वह रोजी-रोटी के सिलसिले में मैरवा गए हुए थे। इसी बीच बेटे के साथ हुए हादसे की खबर परिवार तक पहुंची। बिट्टू की मौत की जानकारी मिलते ही मां ऋतु देवी बदहवास हो गईं। हादसे की जांच में जुटी पुलिस, शव का पंचनामा तैयार घटना की सूचना पर गुठनी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस अवर निरीक्षक राजनंदनी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। वहीं, बिट्टू की असमय मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में मातम पसरा है।



Comments
0