Full Story

रांची। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर में सोनारी थाना क्षेत्र में दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के पास खड़े ट्रक में कार के टकराने से प्रदेश की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। देर रात हुआ हादसा, कार में सवार चारों की मौत पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बतया कि, दुर्घटना मंगलवार देर रात उस समय हुई जब तृषा सिंह अन्य लोगों के साथ पश्चिम बंगाल से जमशेदपुर लौट रही थीं। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास नेशनल हाईवे पर उनकी कार सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार में सवार चारों लोगों की मौत हो गई। तृषा के साथ सार्थक, वंशिका और नमन की भी गई जान हादसे में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह के अलावा सार्थक, वंशिका और नमन गुप्ता की भी मौत हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। हेमंत सोरेन बोले- मन अत्यंत व्यथित इस हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक जताया और कहा कि राज्य सरकार में उनकी साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडे सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की खबर से उनका मन अत्यंत व्यथित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। उन्होंने इस कठिन घड़ी में दीपिका पांडे सिंह और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी जताया दुख राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए दीपिका पांडे सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की।