Full Story
पटना। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज भारत विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है और दुनिया में उसकी ताकत तथा प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने पटना में बुधवार को आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन के जरिए विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है और अब देश विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 'मैं मंत्री नहीं, कार्यकर्ताओं का कार्यकर्ता हूं' श्री चौहान ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लोग उन्हें मंत्री या बड़ा नेता कहते हैं लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान एक कार्यकर्ता की है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और उन्हीं की बदौलत पार्टी देशभर में जनसेवा का काम कर रही है। 'विश्वगुरु बनने का सपना हो रहा साकार' केंद्रीय मंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना अब हकीकत में बदलता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर, शक्तिशाली और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। 'घोटालों वाले भारत से वैश्विक नेतृत्व वाले भारत तक का सफर' श्री चौहान ने कहा कि एक समय दुनिया भारत को भ्रष्टाचार और घोटालों के नजरिए से देखती थी लेकिन आज भारत निवेश, नवाचार और आर्थिक विकास का केंद्र बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने देश की वैश्विक छवि को पूरी तरह बदल दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा पर मोदी सरकार का संदेश केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल करते हुए कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। गरीब कल्याण को बताया सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि श्री चौहान ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी सफलता गरीबों के जीवन में बदलाव लाना है। करोड़ों लोगों को पक्के मकान, शौचालय, बिजली, गैस और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण की योजनाओं ने गांव-गांव तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाया है। वंदे भारत से डिजिटल इंडिया तक विकास का दावा केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश के आधारभूत ढांचे में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेन, अटल टनल, आधुनिक हाईवे, डिजिटल इंडिया और ऊर्जा क्षेत्र में हुए सुधारों ने भारत की नई तस्वीर पेश की है। उन्होंने कोविड-19 के दौरान भारत की वैक्सीन कूटनीति का भी उल्लेख किया। 'वन नेशन-वन इलेक्शन' की फिर उठी मांग श्री चौहान ने अपने संबोधन में विकसित भारत के लिए 'वन नेशन-वन इलेक्शन' को जरूरी बताया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और नागरिक कर्तव्यों के पालन पर भी जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब समाज का हर वर्ग अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा। बिहार के विकास में सहयोग का भरोसा केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास, किसानों की समृद्धि, ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विस्तार और गरीब कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अमृतकाल में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका को और मजबूत बनाएगा। सम्मेलन में बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Comments
0