Full Story

मुंबई। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार जारी गिरावट से सकारात्मक शुरुआत के बाद मंगलवार को ऊंचे भाव पर हुई मुनाफावसूली से भारतीय शेयर बाजार अपनी शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख सका और लाल निशान में आ गया, जहां सेंसेक्स 329.91 अंक टूटकर 74,529.08 अंक और निफ्टी 85.30 अंक की गिरावट के साथ 23,329 अंक राह गया। निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड की चाल पर बनी रही। इसके साथ ही बाजार इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत से जुड़े संकेतों का भी इंतजार करता दिखाई दिया। 75 हजार के पार जाकर फिसला सेंसेक्स बीएसई सेंसेक्स ने 74,901.50 अंक पर कारोबार की शुरुआत की और बढ़त के साथ 75,038.93 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंचा। हालांकि, शुरुआती तेजी टिक नहीं सकी और सूचकांक गिरकर 74,423.71 अंक के निचले स्तर तक आ गया। सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 74,858.99 से 329.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत नीचे 74,529.08 अंक पर रहा। निफ्टी भी शुरुआती बढ़त नहीं बचा पाया एनएसई निफ्टी 50 ने 23,454.05 अंक पर शुरुआत की और कारोबार के दौरान 23,489 अंक के ऊपरी स्तर को छुआ। बिकवाली बढ़ने पर यह 23,285.75 अंक तक नीचे चला गया। निफ्टी अपने पिछले बंद स्तर 23,414.30 से 85.30 अंक यानी 0.36 प्रतिशत गिरकर 23,329 अंक पर आ गया। मिडकैप सपाट, स्मॉलकैप पर दबाव व्यापक बाजार में भी मजबूत तेजी नहीं दिखी। बीएसई 150 मिडकैप सूचकांक मामूली 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,860.94 पर रहा। बीएसई 250 स्मॉलकैप सूचकांक 0.25 प्रतिशत गिरकर 7,191.95 पर आ गया। आईटी और हाउसिंग फाइनेंस में सबसे तेज गिरावट ज्यादातर सेक्टोरल सूचकांक नुकसान में रहे। हाउसिंग फाइनेंस सूचकांक में सबसे अधिक 1.03 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि फोकस्ड आईटी सूचकांक 1.01 प्रतिशत नीचे रहा। कैपिटल गुड्स में 0.87 प्रतिशत और आईटी में 0.79 प्रतिशत की कमजोरी दिखाई दी। एफएमसीजी सूचकांक 0.68 प्रतिशत , हेल्थकेयर 0.58 प्रतिशत , पावर 0.53 प्रतिशत , इंडस्ट्रियल्स और पीएसयू बैंक सूचकांक 0.50-0.50 प्रतिशत टूटे। बैंकएक्स और इंश्योरेंस में 0.45-0.45 प्रतिशत , वित्तीय सेवा सूचकांक में 0.44 प्रतिशत तथा टॉप-10 बैंक सूचकांक में 0.43 प्रतिशत की गिरावट रही। हॉस्पिटल सूचकांक 0.43 प्रतिशत , ऑटो 0.40 प्रतिशत , प्राइवेट बैंक 0.35 प्रतिशत और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.31 प्रतिशत कमजोर रहे। मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक्स क्वालिटी टिल्ट सूचकांक भी 0.56 प्रतिशत नीचे रहा। गिरते बाजार में टेलीकॉम बना चमकता सितारा कमजोर माहौल के बावजूद चुनिंदा सेक्टरों में खरीदारी बनी रही। टेलीकम्युनिकेशन सूचकांक सबसे ज्यादा 1.01 प्रतिशत चढ़ा। रियल्टी में 0.84 प्रतिशत और सर्विसेज सूचकांक में 0.59 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। सीडी सूचकांक भी 0.38 प्रतिशत मजबूत रहा। बजाज फिनसर्व और ट्रेंट में तेज गिरावट सेंसेक्स शेयरों में बजाज फिनसर्व सबसे ज्यादा 1.62 प्रतिशत टूटकर 1,825 रुपये पर आ गया। ट्रेंट 1.47 प्रतिशत गिरकर 2,773.50 रुपये और बजाज फाइनेंस 1.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,009 रुपये पर रहा। सन फार्मा में 1.28 प्रतिशत , टीसीएस में 1.13 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट में 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। एसबीआई 0.99 प्रतिशत , इन्फोसिस 0.98 प्रतिशत , लार्सन एंड टुब्रो 0.93 प्रतिशत और आईटीसी 0.82 प्रतिशत नीचे रहे। एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा सहित कई प्रमुख शेयर भी लाल निशान में रहे। गिरावट के बीच इटर्नल और इंडिगो ने भरी उड़ान कमजोर बाजार में इटर्नल सबसे मजबूत शेयर रहा और 1.94 प्रतिशत चढ़कर 341.50 रुपये पर पहुंच गया। इंडिगो 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,020 रुपये पर रहा। टाइटन में 0.72 प्रतिशत और टाटा स्टील में 0.60 प्रतिशत की तेजी रही। मारुति तथा एनटीपीसी 0.15-0.15 प्रतिशत चढ़े, जबकि अदाणी पोर्ट्स में 0.12 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज की गई। एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत प्रमुख एशियाई बाजार बढ़त में दिखाई दिए। जापान का निक्केई 1.38 प्रतिशत चढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.18 प्रतिशत मजबूत रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.15 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.06 प्रतिशत ऊपर रहा। इसके बावजूद घरेलू बाजार अपनी शुरुआती बढ़त संभालने में नाकाम रहा।