Full Story

पटना। बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में एक युवक को कथित तौर पर ओएलएक्स के जरिए बुलाकर लूटपाट की कोशिश के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी मारा गया तथा दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने शनिवार को यहां बताया कि शुक्रवार रात मनीचक गांव के पास कुछ अपराधियों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। शुरुआती आशंका थी कि युवक का अपहरण कर लिया गया है और उसकी जान खतरे में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस पहुंची तो शुरू हो गई गोलीबारी श्री कुमार ने बताया कि जैसे ही पुलिस टीम अपराधियों के करीब पहुंची, बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। कुछ देर चली मुठभेड़ के दौरान पुलिस पदाधिकारी राहुल कुमार और संजय घायल हो गए। दोनों को तुरंत एम्स पटना में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोली लगने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बाद में इलाज के दौरान पारस अस्पताल में घायल अपराधी की मौत हो गई। उसकी पहचान मोहम्मद हैदर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि हैदर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या के एक मामले में जेल जा चुका था और कुछ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। ओएलएक्स के बहाने रची गई थी साजिश श्री कुमार ने बताया कि जिस युवक को पुलिस ने बचाया, उसने बताया कि उसे मोबाइल खरीदने-बेचने के बहाने ओएलएक्स के जरिए बुलाया गया था। वहां पहुंचते ही अपराधियों ने उसे घेर लिया और लूटपाट की कोशिश शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। फरार अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है जबकि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।