Full Story

मुंबई। ईरान-अमेरिका के बीच तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतें घटने और अन्य सकारात्मक संकेतों से निवेशकों का भरोसा बढ़ने से हुई लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार पिछले लगातार पांच दिन की गिरावट से उबरकर तेजी के साथ बंद हुआ। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 776.01 अंक (1.02%) की छलांग लगाकर 76,835.78 अंक और एनएसई का निफ्टी 228.50 अंक (0.96%) उछलकर 23,995.95 अंक पर पहुंच गया। 5 दिन की गिरावट के बाद लौटी बाजार में रौनक पिछले सप्ताह लगातार बिकवाली के दबाव में रहने वाला बाजार सोमवार को पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.13 फीसदी बढ़कर 16,872.40 और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.34 फीसदी चढ़कर 7,017.03 पर बंद हुआ। बाजार में चौतरफा खरीदारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीएसई में कारोबार करने वाली 4,563 कंपनियों में से 2,779 शेयरों में तेजी , जबकि केवल 1,579 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। तनाव घटा, क्रूड ऑयल सस्ता हुआ तो बाजार में लौटी जान पश्चिम एशिया में सैन्य हमलों पर फिलहाल विराम लगने से वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना है। इसका सबसे बड़ा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा, जिनमें तेज गिरावट देखने को मिली। इससे भारत जैसे आयातक देशों के लिए महंगाई और आयात लागत बढ़ने की चिंता कम हुई है। वहीं लंबी अवधि के सरकारी बॉन्ड यील्ड में गिरावट से भी निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बाजार में सकारात्मक माहौल बना। अब इन बड़े फैसलों पर टिकी निवेशकों की नजर इस सप्ताह बाजार की नजर दुनिया के तीन बड़े केंद्रीय बैंकों अमेरिकी फेडरल रिजर्व , बैंक ऑफ इंग्लैंड (बीओई) और बैंक ऑफ जापान (बीओजे) की मौद्रिक नीति बैठकों पर रहेगी। बाजार को उम्मीद है कि ये केंद्रीय बैंक फिलहाल ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेंगे, जिससे वैश्विक वित्तीय बाजारों को और मजबूती मिल सकती है। घरेलू संकेतों ने भी बढ़ाया भरोसा भारत में भी निवेशकों के लिए कई अच्छी खबरें रहीं। देश में बारिश की कमी पहले की तुलना में घटने से खाद्य महंगाई को लेकर चिंता कम हुई है। इसके अलावा कंपनियों के पहली तिमाही (क्यू1) के नतीजे उम्मीद से बेहतर आए हैं और कारोबारी गतिविधियों को लेकर भी सकारात्मक माहौल बना हुआ है। इन कारणों से निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ और बाजार में खरीदारी का रुख देखने को मिला। लगभग सभी सेक्टर में खरीदारी, सिर्फ टेलीकॉम पिछड़ा सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो टेलीकॉम सेक्टर को छोड़कर लगभग सभी सेक्टर तेजी के साथ बंद हुए। एफएमसीजी, हेल्थकेयर, आईटी, ऑटो, हॉस्पिटल्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी, सर्विसेज और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में 2.36 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई। इन दिग्गज शेयरों ने दिखाई ताकत बाजार की तेजी में अधिकांश बड़ी कंपनियों के शेयरों ने अहम भूमिका निभाई। इटरनल का शेयर सबसे अधिक 5.63 फीसदी चढ़ा। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, मारुति, टीसीएस, सन फार्मा, एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस और इंडिगो के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी रही, जिससे इनके शेयर 0.15 से 4.94% तक मजबूत रहे। वहीं, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 0.41% तक की मामूली गिरावट दर्ज की गई।