Full Story

नई दिल्ली/पटना। बिहार के डिजिटल विकास और तकनीकी निवेश को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बुधवार को गूगल इंडिया के उपाध्यक्ष चंदू थोटा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में तकनीकी सहयोग पर जोर श्री चौधरी के साथ बुधवार को बिहार भवन, नई दिल्ली में गूगल प्रतिनिधिमंडल की हुई बैठक के दौरान बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग और सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने डिजिटल नवाचार के माध्यम से जनसेवाओं को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया। बिहार में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने का न्योता मुख्यमंत्री ने गूगल इंडिया को बिहार सरकार की ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति-2026 के तहत राज्य में अपना ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि बिहार तकनीकी निवेश और डिजिटल उद्योगों के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। डिजिटल बिहार के लिए मजबूत साझेदारी की तैयारी बैठक में दोनों पक्षों ने बिहार के डिजिटल परिवर्तन को गति देने और तकनीकी क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए मजबूत साझेदारी की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की। माना जा रहा है कि इस पहल से राज्य में रोजगार, नवाचार और तकनीकी विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। अधिकारी भी रहे मौजूद इस महत्वपूर्ण बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे और राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तथा तकनीकी निवेश की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।