Full Story
पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उस समय बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने 2009 के एक पुराने मामले में जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। नामांकन खत्म होते ही पुलिस ने की कार्रवाई बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन वीणा मानवी समाहरणालय पहुंचीं और अपना नामांकन दाखिल किया। जैसे ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई, गांधी मैदान थाना पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) ले गई। पुलिस ने बताई गिरफ्तारी की वजह गांधी मैदान थाना पुलिस के मुताबिक, वीणा मानवी को 2009 के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ शिकायत संख्या 830/2009 दर्ज थी, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 418 और 403 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में उनके खिलाफ पहले से वारंट जारी था। वीणा मानवी बोलीं- मुझे वारंट की जानकारी तक नहीं थी गिरफ्तारी के बाद वीणा मानवी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें कभी किसी वारंट की जानकारी नहीं दी गई और न ही कोई नोटिस मिला। उनका आरोप है कि पुलिस ने गिरफ्तारी के समय यह भी नहीं बताया कि उनका कसूर क्या है। उन्होंने कहा कि नामांकन भरने के बाद उन्हें दस्तावेज दोबारा जांचने और किसी गलती को सुधारने का मौका भी नहीं दिया गया। ऐसे में उनका नामांकन रद्द होने की आशंका है। 'यह भाजपा का महिला और लोकतंत्र विरोधी चेहरा' वीणा मानवी ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक है। उन्होंने कहा कि भाजपा का महिला विरोधी और लोकतंत्र विरोधी चेहरा इस घटना से सामने आ गया है। उनका दावा है कि इस कार्रवाई के बाद "बिना चुनाव लड़े ही उनकी नैतिक जीत हो गई है।" पहले से ही दिलचस्प था बांकीपुर का मुकाबला बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है। भाजपा ने यहां नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनाव मैदान में हैं, जबकि राजद ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है। उधर, तेजप्रताप यादव की पार्टी ने वीणा मानवी को मैदान में उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया था। एक दिन पहले ही वीणा मानवी ने दावा किया था कि तेजप्रताप यादव साइकिल पर सवार होकर उनके लिए चुनाव प्रचार करेंगे। गिरफ्तारी से और गरमाई चुनावी सियासत नामांकन के तुरंत बाद हुई इस गिरफ्तारी ने बांकीपुर उपचुनाव को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है। अब इस मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है, वहीं सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि वीणा मानवी का नामांकन वैध रहता है या नहीं और इस घटनाक्रम का चुनावी मुकाबले पर क्या असर पड़ता है।



Comments
0