Full Story
मुंबई। अभिनेत्री संदीपा धर की हालिया कश्मीर यात्रा सिर्फ एक छुट्टी नहीं बल्कि भावनाओं, यादों और परिवार के इतिहास से दोबारा जुड़ने का सफर बन गई। वर्षों बाद जब वह अपने कश्मीर स्थित पुश्तैनी घर पहुंचीं तो वहां उन्हें ऐसी अनमोल चीजें मिलीं, जिन्होंने उनके बचपन और परिवार की कई पुरानी यादें ताजा कर दीं। संदीपा ने इस खास सफर की झलक सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, "कुछ यादें ऐसी होती हैं जिन्हें आप खोजने नहीं जाते, वे बस आपका इंतजार करती रहती हैं।" पलायन के बाद भी खड़ा है पुश्तैनी घर संदीपा का पुश्तैनी घर कश्मीर पलायन के बाद से लगभग उसी हालत में खड़ा है। घर में न बिजली है, न पानी और न ही रोजमर्रा की सुविधाएं, लेकिन इसकी दीवारें आज भी परिवार के बीते दिनों की कहानी बयां करती हैं। इस घर में प्रवेश करते ही संदीपा को ऐसा लगा जैसे समय कई दशक पीछे लौट गया हो। 90 साल पुरानी लकड़ी की अलमारी बनी सबसे बड़ी खोज इस यात्रा की सबसे खास बात रही घर में मिली एक बेहद खूबसूरत नक्काशीदार लकड़ी की अलमारी, जिसे करीब 80 से 90 साल पुराना बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह रही कि इतने वर्षों बाद भी यह अलमारी लगभग सुरक्षित मिली। संदीपा ने इसे परिवार के अतीत का जीवंत हिस्सा बताते हुए कहा कि ऐसा लगा जैसे यह वर्षों से उनका इंतजार कर रही थी। पुराने बोर्डिंग पास और बैगेज टैग ने ताजा कीं यादें पुश्तैनी घर के एक पुराने कपबोर्ड में संदीपा को 30 से 40 साल पुराने एयर इंडिया के बोर्डिंग पास और बैगेज टैग भी मिले। उन्होंने कहा कि ये कागज के छोटे-छोटे टुकड़े उस समय शायद सामान्य रहे होंगे, लेकिन आज यही परिवार के इतिहास की सबसे अनमोल यादों में बदल चुके हैं। चाचा के पुराने सूट भी मिले सुरक्षित घर की तलाशी के दौरान संदीपा को अपने चाचा के कई पुराने और बेहतरीन सिलवाए हुए सूट भी मिले। इनमें कुछ सूट यूनाइटेड किंगडम में तैयार किए गए थे। वर्षों बाद भी इन कपड़ों का सुरक्षित मिलना उनके लिए किसी भावनात्मक खजाने से कम नहीं था। नगीन झील ने फिर जीत लिया दिल यादों के इस सफर के साथ कश्मीर की प्राकृतिक खूबसूरती ने भी संदीपा को भावुक कर दिया। उन्होंने शालीमार बाग , रंग-बिरंगे फूलों, नगीन झील और परी महल की खूबसूरती का भरपूर आनंद लिया। नगीन झील को लेकर उन्होंने लिखा, "हर कोई डल झील की बात करता है, लेकिन नगीन झील हमेशा मेरे दिल के सबसे करीब रहेगी।" शंकराचार्य मंदिर में मिली आध्यात्मिक शांति अपनी यात्रा के दौरान संदीपा ने शंकराचार्य मंदिर में भी दर्शन किए।उन्होंने बताया कि इस यात्रा ने उन्हें केवल अपने अतीत से नहीं जोड़ा, बल्कि आत्मिक शांति और आत्ममंथन का अवसर भी दिया। उनके मुताबिक, कुछ जगहें हमेशा घर जैसी लगती हैं और कुछ यादें जिंदगी भर इंसान का साथ नहीं छोड़तीं। अब नेटफ्लिक्स की सीरीज 'चुंबक' में आएंगी नजर वर्क फ्रंट की बात करें तो संदीपा धर जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी सीरीज 'चुंबक' में दिखाई देंगी। इस सीरीज में उनके साथ नीना गुप्ता और सुमीत राघवन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ओटीटी और फिल्मों में लगातार अलग-अलग किरदार निभा रहीं संदीपा के लिए 'चुंबक' उनके सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।



Comments
0