Full Story

मुंबई। भारतीय पौराणिक सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'महाकाली' की पहली झलक आखिरकार सामने आ गई है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान करते हुए करीब दो मिनट की दमदार झलक जारी की है। इस वीडियो में जहां महाकाली का रौद्र रूप आकर्षित करता है, वहीं शुक्राचार्य के किरदार में अक्षय खन्ना का खौफनाक और प्रभावशाली अवतार सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहा है। फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। धर्म और अधर्म के बीच महायुद्ध की कहानी 'महाकाली' की पहली झलक धर्म और अधर्म के बीच होने वाले एक विशाल संघर्ष की ओर इशारा करती है। कहानी सिर्फ अच्छाई और बुराई की लड़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि असुरों के गुरु शुक्राचार्य के नेतृत्व में शुरू होने वाले उस महायुद्ध की झलक दिखाती है, जो पूरी दुनिया के भविष्य का फैसला करेगा। टीज़र के अंत में दिखाई देने वाला 'The End Begins' संदेश इस बात का संकेत देता है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक बड़े सिनेमाई सफर की शुरुआत है। अक्षय खन्ना के लुक ने खींचा सबसे ज्यादा ध्यान फिल्म की पहली झलक का सबसे बड़ा आकर्षण अक्षय खन्ना हैं। शुक्राचार्य के रूप में उनकी तीखी नजर, गंभीर व्यक्तित्व और खौफनाक स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ती है। पहले उनके फर्स्ट लुक ने उत्सुकता बढ़ाई थी, लेकिन अब पहली झलक में उनके किरदार की झलक ने फिल्म को लेकर रोमांच कई गुना बढ़ा दिया है। भव्य विजुअल्स और शानदार वर्ल्ड-बिल्डिंग झलक में 'महाकाली' की विशाल और रहस्यमयी दुनिया को भी बड़े पैमाने पर पेश किया गया है। शानदार विजुअल इफेक्ट्स, भव्य सेटअप और प्रभावशाली वर्ल्ड-बिल्डिंग यह संकेत देती है कि मेकर्स दर्शकों को बड़े स्तर का सिनेमाई अनुभव देने की तैयारी में हैं।फिल्म में श्रिया रेड्डी की दमदार मौजूदगी भी कहानी में रहस्य और रोमांच का नया आयाम जोड़ती है। निर्माता बोले- यह सिर्फ शुरुआत है फिल्म के निर्माता रिवाज रमेश दुग्गल ने कहा कि 'महाकाली' की कहानी भारतीय इतिहास और परंपराओं से प्रेरित दुनिया से निकलती है। उनका उद्देश्य इसे आधुनिक दर्शकों के लिए भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करना है। उन्होंने कहा कि अक्षय खन्ना का शुक्राचार्य के रूप में चयन कहानी को नई गहराई देता है और दर्शकों को एक ऐसे महायुद्ध का अनुभव मिलेगा, जिसकी शुरुआत 'महाकाली' से होती है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ शुरुआत है और आगे एक बड़ा सिनेमाई सफर दर्शकों का इंतजार कर रहा है। प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली बड़ी फिल्म 'हनुमान' के बाद प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स (पीवीसीयू) की अगली कड़ी के रूप में आ रही 'महाकाली' को लेकर पहले से ही काफी उत्सुकता थी। पहली झलक से साफ है कि यह फिल्म यूनिवर्स के स्केल, कहानी और विजुअल स्पेक्टेकल को और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही है। स्टारकास्ट और रिलीज डेट आरके दुग्गल प्रस्तुत और आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले रिवाज रमेश दुग्गल द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु ने किया है। फिल्म में अक्षय खन्ना , भूमि शेट्टी , श्रिया रेड्डी , रोहित सराफ समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'महाकाली' 08 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।