Full Story

मुंबई। अगर आप एक्टिंग, सिंगिंग या डांस में करियर बनाना चाहते हैं लेकिन ऑडिशन की लंबी लाइनें और बड़े शहरों तक पहुंच आपकी राह में रुकावट बनती रही हैं तो अब यह परेशानी खत्म हो सकती है। बॉलीवुड के मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस ने भारत का पहला डिजिटल मल्टी-टैलेंट हंट 'द बिग ब्रेक' लॉन्च किया है, जहां देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं को घर बैठे अपनी प्रतिभा दिखाने और सीधे इंडस्ट्री तक पहुंचने का मौका मिलेगा। एक मंच, तीन टैलेंट... पहली बार बदलेगा टैलेंट हंट का अंदाज पिछले तीन दशक से भारत में टैलेंट हंट आयोजित होते रहे हैं, लेकिन ज्यादातर शो टीवी तक सीमित रहे और किसी एक क्षेत्र—सिंगिंग, डांस या एक्टिंग—पर ही केंद्रित रहे। 'द बिग ब्रेक' इस सोच को बदलने की कोशिश है। यह एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां एक्टर्स, सिंगर्स और डांसर्स एक ही प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। टीवी नहीं, सोशल मीडिया बनेगा मंच इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे शुरुआत से ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए डिजाइन किया गया है। पूरी प्रतियोगिता इंस्टाग्राम, यूट्यूब, स्नैपचैट और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चलेगी और आखिर में एक भव्य ऑन-ग्राउंड ग्रैंड फिनाले होगा। यानी इस बार ऑडिशन भी कंटेंट होगा और प्रतिभा की तलाश भी पूरे देश के सामने होगी। घर बैठे ऐसे मिलेगा एंट्री का मौका इस शो में हिस्सा लेने के लिए किसी शहर में जाकर लंबी लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। प्रतिभागियों को सिर्फ अपना एक्टिंग मोनोलॉग, गाना या डांस वीडियो तैयार कर शो के आधिकारिक @thebigbreakindia हैंडल पर कोलैबोरेशन रिक्वेस्ट भेजनी होगी। हर दिन 40 से 60 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा और उनके वीडियो शो के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किए जाएंगे। मुकेश छाबड़ा और बॉस्को खुद करेंगे मेंटरिंग 'द बिग ब्रेक' की सबसे बड़ी ताकत इसके मेंटर्स हैं। मुकेश छाबड़ा, जिन्होंने बॉलीवुड को कई नए चेहरे दिए हैं, इस शो में एक्टिंग टैलेंट को मार्गदर्शन देंगे। वहीं, बॉलीवुड के लोकप्रिय कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस डांस प्रतिभाओं को प्रशिक्षित करेंगे। सिंगिंग के लिए बॉलीवुड के नामी गायकों और संगीतकारों का विशेष पैनल बनाया जाएगा, जिसकी घोषणा जल्द होगी। सिर्फ ट्रॉफी नहीं, करियर बनाने का मौका यह शो सिर्फ विजेता चुनने तक सीमित नहीं रहेगा। चुने गए प्रतिभागियों को मुंबई बुलाया जाएगा, जहां उन्हें प्रोफेशनल ट्रेनिंग मिलेगी। वे साप्ताहिक एपिसोड और लाइव सेशंस में अपने मेंटर्स के सामने परफॉर्म करेंगे। एक्टर्स को कास्टिंग का अनुभव मिलेगा, डांसर्स को प्रोफेशनल कोरियोग्राफी सीखने का मौका मिलेगा और सिंगर्स को म्यूजिक इंडस्ट्री तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा। सिंगर्स के लिए खास मौका प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले सिंगर्स को बीएलएम म्यूजिक की आने वाली रिलीज में गाने का मौका मिल सकता है। इतना ही नहीं, शो का ओरिजिनल म्यूजिक भी इसी म्यूजिक लेबल के जरिए रिलीज किया जाएगा। मुकेश छाबड़ा बोले- टैलेंट और इंडस्ट्री के बीच की दूरी कम करनी थी मुकेश छाबड़ा ने कहा कि प्रतिभा कभी किसी शहर या पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। उनके मुताबिक, दुनिया भर के कलाकारों से मिलने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि प्रतिभाशाली लोगों और फिल्म इंडस्ट्री के बीच की दूरी कम करने का समय आ गया है। इसी सोच के साथ 'द बिग ब्रेक' बनाया गया। बॉस्को बोले- मंच अब टैलेंट के पास जाएगा बॉस्को मार्टिस ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में संघर्ष का दौर देखा है और जानते हैं कि सही मंच न मिलने से कितनी प्रतिभाएं पीछे रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रतिभाओं के उनके पास आने का इंतजार नहीं किया जाएगा, बल्कि मंच खुद प्रतिभाओं तक पहुंचेगा। राजीव लक्ष्मण बोले- यह टीवी शो नहीं, डिजिटल-फर्स्ट फॉर्मेट है इस शो के फॉर्मेट क्रिएटर राजीव लक्ष्मण ने कहा कि 'द बिग ब्रेक' को शुरुआत से ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए तैयार किया गया है। उनके मुताबिक, प्रतिभा की खोज से लेकर प्रतियोगिता और ग्रैंड फिनाले तक हर चरण उसी माध्यम पर होगा, जहां दर्शक सबसे ज्यादा जुड़े रहते हैं। 5 अगस्त से शुरू हो चुकी हैं एंट्रियां 'द बिग ब्रेक' के लिए एंट्रियां 5 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी हैं। इच्छुक प्रतिभागी [ www.thebigbreak.in ]( http://www.thebigbreak.in) पर जाकर नियम, शर्तें और पूरी प्रक्रिया देख सकते हैं। इसके अलावा शो के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @thebigbreakindia पर भी सभी अपडेट उपलब्ध हैं।