Full Story

मुंबई। रहस्य, रोमांच और भारतीय लोककथाओं की दुनिया में अब मोहब्बत की धुन भी सुनाई देने लगी है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द वन’ का पहला गाना ‘समझो ना’ रिलीज हो गया है, जिसमें दोनों पहली बार पर्दे पर रोमांटिक जोड़ी के तौर पर नजर आ रहे हैं। गाना सामने आते ही सिद्धार्थ और तमन्ना की फ्रेश केमिस्ट्री ने दर्शकों का ध्यान खींचा है और इस नई जोड़ी को ‘ब्लॉकबस्टर जोड़ी’ तक कहा जा रहा है। रहस्य के ‘दायरे’ में अब मोहब्बत की दस्तक ‘द वन’ के टीजर ने दर्शकों को जंगल, रहस्य और अलौकिक घटनाओं से भरी एक अनोखी दुनिया की झलक दिखाई थी, लेकिन ‘समझो ना’ फिल्म का बिल्कुल अलग रंग सामने लेकर आया है। इस गाने में सिद्धार्थ और तमन्ना के किरदारों के रिश्ते को करीब से दिखाया गया है। रहस्य, रोमांच और लोककथाओं के बीच दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री फिल्म की कहानी में मोहब्बत का एक नया एहसास जोड़ती नजर आ रही है। पहली बार रोमांटिक जोड़ी बने सिद्धार्थ और तमन्ना ‘समझो ना’ की सबसे बड़ी खासियत सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना की नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी है। यह पहला मौका है जब दोनों किसी फिल्म में रोमांटिक जोड़ी के रूप में स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। जी म्यूजिक के लेबल के तहत रिलीज हुआ यह गाना ‘द वन’ की अब तक सामने आई रहस्यमयी दुनिया से अलग दोनों किरदारों के बीच रिश्ते और प्यार की कहानी की झलक देता है। तनिष्क की धुन, जुबिन-सुवर्णा की आवाज ‘समझो ना’ को तनिष्क बागची ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है, जबकि जुबिन नौटियाल और सुवर्णा तिवारी ने इसे अपनी आवाज दी है। गाने के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। वहीं, कृष्णा किशोर ने एडिशनल लाइव प्रोडक्शन संभाला है और एरिक पिल्लई ने गाने को मिक्स और मास्टर किया है। माइकल एडविन पिल्लई ने असिस्टेंट मिक्स इंजीनियर के तौर पर काम किया है। जुबिन बोले- गाने में खूबसूरत मासूमियत और एहसास गाने को लेकर जुबिन नौटियाल ने कहा, “‘समझो ना’ में एक खूबसूरत मासूमियत और एहसास है, जिससे मैं तुरंत जुड़ गया। तनिष्क की धुन और मनोज मुंतशिर के दिल को छू लेने वाले बोल प्यार की उस कोमल भावना को खूबसूरती से बयां करते हैं।” उन्होंने कहा कि उन्हें और सुवर्णा को इस गाने को आवाज देने में काफी मजा आया। जुबिन के मुताबिक, सिद्धार्थ और तमन्ना की केमिस्ट्री गाने में एक खास ताजगी लेकर आती है और उन्हें उम्मीद है कि ‘समझो ना’ लोगों के दिलों तक पहुंचेगा। ‘द वन’ की दुनिया का नया चेहरा दिखाता है गाना फिल्म के लिहाज से भी ‘समझो ना’ अहम है, क्योंकि यह दर्शकों को उस दुनिया का एक नया पहलू दिखाता है, जिसे अब तक रहस्य और रोमांच के जरिए पेश किया गया था। टीजर जहां फिल्म के रहस्यमयी माहौल से रूबरू कराता है, वहीं पहला गाना इसके किरदारों की भावनाओं और उनके बीच पनपते रिश्ते की तरफ ध्यान खींचता है। लोककथा, फैंटेसी, रहस्य और हास्य का मेल टीवीएफ के अरुणाभ कुमार , निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर जैसे नामों के साथ बनी ‘द वन’ भारतीय लोककथाओं को बड़े सिनेमाई अंदाज में पेश करने जा रही है। लोककथा और फैंटेसी की जड़ों से जुड़ी फिल्म में रोमांच, रहस्य और हास्य का मेल देखने को मिलेगा और इसे एक फैमिली एंटरटेनर के रूप में पेश किया जाएगा। फिल्म की दुनिया को विस्तार देने के लिए ‘द लीजेंड ऑफ वन’ कॉमिक बुक भी सामने आ चुकी है, जो दर्शकों को इसके बड़े फोकलोर यूनिवर्स से रूबरू कराती है। अरुणाभ कुमार ने लिखी कहानी, दीपक मिश्रा का निर्देशन ‘द वन’ को बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन मिलकर प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म को अरुणाभ कुमार ने लिखा है और दीपक मिश्रा ने इसका निर्देशन किया है। मनु आनंद फिल्म के डीओपी और विजुअल डायरेक्टर हैं, जबकि शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी इसके प्रोड्यूसर हैं। 25 सितंबर को खुलेगा ‘द वन’ का रहस्यमयी संसार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना की ‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में रहस्य और रोमांच के साथ प्यार, संगीत और शानदार विजुअल्स का मेल देखने को मिलेगा। टीजर ने जहां दर्शकों को ‘द वन’ की रहस्यमयी दुनिया का दरवाजा दिखाया था, वहीं ‘समझो ना’ उसी दुनिया में मोहब्बत का रंग भर रहा है और सिद्धार्थ-तमन्ना की नई जोड़ी इस रोमांटिक एहसास को फिल्म की बड़ी खासियतों में शामिल करती नजर आ रही है।