Full Story

पटना। बिहार सरकार ने डिजिटल सेवाओं को आम लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘बिहारजीपीटी’ विकसित करने और माइक्रोसॉफ्ट, गूगल क्लाउड तथा कोरोवर के साथ तकनीकी सहयोग के प्रस्तावों को आज मंजूरी दे दी। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने बुधवार को यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि बिहार अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार का अपना एआई आधारित डिजिटल सहायक ‘बिहारजीपीटी’ विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग को माइक्रोसॉफ्ट, गूगल क्लाउड और कोरोवर जैसी प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ मिलकर राज्य में डिजिटल परिवर्तन को गति देने की भी स्वीकृति मिल गई है। सरकार का मानना है कि बिहारजीपीटी के शुरू होने के बाद लोगों को सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों, सेवाओं और अन्य जरूरी जानकारियों तक पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगी। क्या होगा बिहारजीपीटी बिहारजीपीटी एक एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा, जिसे बिहार के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। यह लोगों के सवालों का जवाब देने, सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और विभिन्न सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने का काम करेगा। सरल भाषा में कहें तो बिहारजीपीटी सरकार और आम लोगों के बीच एक स्मार्ट डिजिटल सहायक की भूमिका निभाएगा। घर बैठे मिल सकेगी सरकारी जानकारी अक्सर लोगों को किसी योजना, प्रमाण पत्र या सरकारी सेवा की जानकारी के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। बिहारजीपीटी के जरिए ऐसी जानकारियां एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे गांव और शहर दोनों क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर उन लोगों को, जिन्हें सरकारी योजनाओं की सही जानकारी समय पर नहीं मिल पाती। माइक्रोसॉफ्ट करेगा डिजिटल परिवर्तन में सहयोग सरकार ने माइक्रोसॉफ्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की मंजूरी भी दी है। इसके तहत राज्य में डिजिटल परिवर्तन, तकनीकी क्षमता निर्माण, नवाचार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि विभिन्न विभागों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हो और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें। गूगल क्लाउड से मजबूत होगा डिजिटल ढांचा गूगल क्लाउड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ प्रस्तावित सहयोग के तहत क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी विभागों को आधुनिक तकनीक के उपयोग के लिए प्रशिक्षित करने और डिजिटल सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर रहेगा। एआई और नई तकनीक सीखेंगे युवा मंत्रिमंडल के फैसलों में युवाओं के कौशल विकास को भी प्रमुखता दी गई है। एआई, मशीन लर्निंग, क्लाउड कंप्यूटिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इससे बिहार के युवाओं को नई तकनीक सीखने और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिल सकती है। साथ ही राज्य में एआई आधारित नवाचार और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा। नई तकनीक पर काम करने वाले युवाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।