Full Story
पटना। बिहार सरकार ने सरकारी हाई स्कूलों में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' की शुरुआत करते हुए छात्रों के लिए स्मार्ट क्लासरूम, एक्सपर्ट शिक्षकों की लाइव पढ़ाई और नीट-जेईई की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा शुरू की है ताकि राज्य के हर विद्यार्थी को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिल सके। क्या है 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' एक डिजिटल शिक्षा व्यवस्था है, जिसके जरिए छात्रों को एक्सपर्ट शिक्षकों की लाइव क्लास मिलेगी। इससे दूर-दराज के सरकारी स्कूलों के छात्र भी बेहतर शिक्षकों से पढ़ सकेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर पाएंगे। नीट और जेईई की फ्री तैयारी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने ऑनलाइन कोचिंग क्लास की भी शुरुआत की है। इसके तहत इंजीनियरिंग (जेईई) और मेडिकल (नीट) की तैयारी करने वाले छात्रों को पूरी तरह मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। फिलहाल पटना के 10 चयनित मॉडल स्कूलों को इस व्यवस्था से जोड़ा गया है। आने वाले समय में इसे राज्य के अन्य हाई स्कूलों तक भी पहुंचाया जाएगा। स्मार्ट क्लासरूम से बदलेगा पढ़ाई का तरीका पटना के राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में दो अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम और इंटरएक्टिव पैनल आधारित शिक्षण व्यवस्था शुरू की गई। इससे पढ़ाई पहले से ज्यादा आसान, रोचक और छात्रों की भागीदारी वाली होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्कूल की बायोलॉजी, फिजिक्स, आईसीटी और अन्य लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। 7 संस्थानों के साथ हुआ समझौता शिक्षा विभाग ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए 7 प्रमुख स्वयंसेवी संस्थानों के साथ समझौता (एमओयू) किया है। इनमें खान एकेडमी इंडिया , वाधवानी एआई , प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन समेत अन्य संस्थान शामिल हैं। इन संस्थानों की मदद से छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कोडिंग, एसटेम शिक्षा, गणित, विज्ञान, डिज़ाइन थिंकिंग, प्रोजेक्ट आधारित पढ़ाई और एआई आधारित मूल्यांकन जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यह पूरी सुविधा छात्रों के लिए निःशुल्क होगी। खेल और पढ़ाई दोनों पर जोर कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। वहीं हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को हॉकी किट भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जरूरी हैं क्योंकि दोनों मिलकर छात्रों का सर्वांगीण विकास करते हैं। क्या बोले मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार चाहती है कि बिहार का हर छात्र आधुनिक तकनीक, अच्छी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का समान अवसर पाए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास, लाइव लर्निंग और डिजिटल शिक्षा के जरिए बिहार के छात्रों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जाएगा।



Comments
0