Full Story

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'प्रलय' की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। एंड-ऑफ-द-वर्ल्ड यानी दुनिया के खत्म होने की पृष्ठभूमि पर आधारित इस बड़े बजट की सर्वाइवल एक्शन थ्रिलर की शूटिंग मुंबई और उसके आसपास की वास्तविक लोकेशनों पर की जा रही है। फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं, जबकि इसे अनन्या बिरला के बिरला स्टूडियोज, ट्रू स्टोरी फिल्म्स और मां कसम फिल्म्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। दुनिया खत्म होने की कगार पर, इंसानियत की आखिरी जंग 'प्रलय' दर्शकों को ऐसी दुनिया में ले जाएगी, जहां सभ्यता खत्म होने के कगार पर होगी और इंसानियत अपने अस्तित्व की सबसे बड़ी लड़ाई लड़ रही होगी। फिल्म सिर्फ बड़े पैमाने के एक्शन और विजुअल्स तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें भावनाओं, रिश्तों और मुश्किल हालात में जिंदा रहने की जद्दोजहद को भी अहमियत दी जाएगी। रणवीर सिंह निभाएंगे सबसे चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक 'धुरंधर' और 'धुरंधर – द रिवेंज' के बाद रणवीर सिंह एक बार फिर बड़े कैनवास वाली फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह सिर्फ मुख्य अभिनेता ही नहीं, बल्कि निर्माता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। फिल्म का किरदार उनसे जबरदस्त शारीरिक मेहनत के साथ गहरे भावनात्मक अभिनय की भी मांग करता है। कल्याणी प्रियदर्शन भी होंगी अहम भूमिका में फिल्म में 'लोका' से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा नई पीढ़ी के कई प्रतिभाशाली कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं, जिससे इसकी स्टारकास्ट और मजबूत हो गई है। 'स्कैम 1992' वाले जय मेहता के निर्देशन में बनेगी फिल्म 'प्रलय' का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं, जिन्होंने हंसल मेहता के साथ चर्चित वेब सीरीज 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' का निर्देशन किया था। उनकी सीरीज 'लुटेरे' को भी काफी सराहना मिली थी। मेकर्स का दावा है कि 'प्रलय' भारतीय सिनेमा में सर्वाइवल थ्रिलर जॉनर को एक नए स्तर पर ले जाएगी। मुंबई की असली लोकेशनों पर होगी शूटिंग फिल्म की शूटिंग मुंबई और उसके आसपास की वास्तविक लोकेशनों पर की जा रही है। मेकर्स का मानना है कि वास्तविक लोकेशनों पर शूटिंग से कहानी अधिक प्रभावशाली और विश्वसनीय बनेगी। कई महीनों की तकनीकी तैयारी और विस्तृत प्री-प्रोडक्शन के बाद अब फिल्म के कैमरे रोल होने शुरू हो गए हैं। भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल होने का दावा निर्माताओं के मुताबिक, 'प्रलय' भारत और दुनिया भर के अनुभवी क्रिएटिव तथा टेक्निकल विशेषज्ञों की टीम के साथ तैयार की जा रही है। बड़े विजुअल स्केल, दमदार कहानी और सर्वाइवल ड्रामा के साथ यह फिल्म शूटिंग शुरू होने से पहले ही भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो चुकी है।