Full Story

मुंबई। शेयर बाजार का मूड बुधवार को भी पूरी तरह सेट नहीं हो पाया और सुबह पॉजिटिव शुरुआत के बावजूद बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स एक समय 656 अंक तक गोता लगाने के बाद 188 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ जबकि निफ्टी भी फिसलकर 24,435.95 अंक पर आ गया। शुरुआत ग्रीन, फिर अचानक रेड सेंसेक्स ने सुबह करीब 109 अंक की बढ़त के साथ शुरुआत की लेकिन यह खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। बाजार खुलते ही बिकवाली बढ़ी और इंडेक्स लाल निशान में पहुंच गया। कारोबार के दौरान दबाव इतना बढ़ा कि सेंसेक्स एक समय 656 अंक तक टूट गया । हालांकि क्लोजिंग से पहले बाजार ने कुछ रिकवरी की और आखिर में 187.90 अंक यानी 0.24% गिरकर 77,966.35 पर बंद हुआ। निफ्टी भी नहीं बचा, लगातार दूसरा दिन खराब निफ्टी-50 की कहानी भी कुछ ऐसी ही रही। निफ्टी 35.75 अंक यानी 0.15% की गिरावट के साथ 24,435.95 पर बंद हुआ।खास बात यह है कि सेंसेक्स और निफ्टी दोनों के लिए यह लगातार दूसरा गिरावट वाला कारोबारी दिन रहा। मिडकैप ने दिखाई थोड़ी ‘हिम्मत’ बाजार में हर तरफ मायूसी नहीं थी। बड़ी कंपनियों पर दबाव के बीच मिडकैप शेयरों ने थोड़ी मजबूती दिखाई। निफ्टी मिडकैप-50 में 0.24% की तेजी रही, जबकि स्मॉलकैप-100 0.18% नीचे बंद हुआ। यानी बाजार का मूड कमजोर जरूर था, लेकिन हर सेगमेंट में एक जैसी बिकवाली नहीं हुई। आईटी शेयरों ने बिगाड़ा खेल बुधवार को सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर पर दिखाई दिया। निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.54% टूट गया। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, हेल्थकेयर, एफएमसीजी और ऑटो शेयर भी दबाव में रहे, जबकि मेटल शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। पीएसयू बैंक्स बोले- हम अभी गेम में हैं जहां आईटी शेयर निवेशकों को परेशान कर रहे थे, वहीं सरकारी बैंक राहत लेकर आए। पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.05% उछला , जबकि मीडिया इंडेक्स में भी 1.05% की तेजी दर्ज की गई। यानी बाजार भले ही रेड था, लेकिन सरकारी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का जोश बरकरार रहा। टीसीएस को सबसे बड़ा झटका दिग्गज शेयरों में टीसीएस करीब 2.75% टूटकर सेंसेक्स में सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयरों में रहा। महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, एलएंडटी, इटरनल और इन्फोसिस भी 1 से 2% तक नीचे चले गए। आईटीसी, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंडिगो भी रेड जोन में बंद हुए। एसबीआई और एयरटेल बने बाजार के ‘सपोर्ट सिस्टम’ गिरावट के बीच कुछ बड़े शेयरों ने बाजार को सहारा दिया। एसबीआई और भारती एयरटेल में 1% से ज्यादा की तेजी रही। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी बढ़त के साथ बंद हुए। बॉटम लाइन: मार्केट में अभी ‘वेट एंड वॉच’ वाला मूड लगातार दूसरे दिन की गिरावट बता रही है कि बाजार में फिलहाल निवेशक संभलकर कदम रख रहे हैं। खासकर आईटी और मेटल शेयरों की कमजोरी ने इंडेक्स का मूड खराब किया, जबकि पीएसयू बैंक मजबूती से टिके रहे। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि दिन में 656 अंक तक टूटने वाला सेंसेक्स आखिर में सिर्फ 188 अंक की गिरावट पर बंद हुआ , यानी निचले स्तर पर खरीदार वापस जरूर आए।