Full Story
पटना। बिहार में पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में सोन नद में अवैध खनन के दौरान नाविकों से रंगदारी वसूली की सूचना पर रविवार सुबह कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने करीब 40 राउंड फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, एक अन्य गिरफ्तार किया गया जबकि एक पुलिस पदाधिकारी और थानाध्यक्ष भी घायल हुए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर करीब 40 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने 22 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक पुलिस पदाधिकारी राजू कुमार सिंह को गोली छूकर निकल जाने से घायल हो गए, जबकि थानाध्यक्ष अमित कुमार भी घायल हुए हैं। रंगदारी की सूचना पर बनाई गई थी विशेष टीम श्री शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहटा थाना क्षेत्र में अवैध खनन के दौरान कुछ अपराधी नाविकों को डरा-धमकाकर रंगदारी और अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब नाव के जरिए रंगदारी वसूलने जा रहे संदिग्ध अपराधियों को रोकने पहुंची तो उन्हें रुकने का संकेत दिया गया लेकिन अपराधियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश एसएसपी ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग में एक एसआई राजू कुमार सिंह के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई जबकि थानाध्यक्ष अमित कुमार भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। घायल अपराधी को इलाज के लिए पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। घायल अपराधी की पहचान अनीश कुमार के रूप में की गई है। एक गिरफ्तार, बाकी नदी में कूदकर फरार श्री शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अन्य अपराधी नदी में छलांग लगाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने उनके साथी पियूष कुमार को मौके से नाव पर ही गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद एसएसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। बरामद हथियारों में एक देशी कट्टा, दो देशी पिस्तौल, एक रायफल, एक देशी कार्बाइन और लगभग 25 जिंदा कारतूस शामिल हैं। घायल अपराधी पर पहले से कई मामले दर्ज श्री शर्मा ने बताया कि पुलिस के अनुसार घायल अपराधी अनीश कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पिछले वर्ष उसके पास से एके-47 हथियार भी बरामद किया गया था। उसके खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पियूष कुमार का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जांच कर रही है। पटना पुलिस का अभियान जारी एसएसपी ने कहा कि अपराध, रंगदारी और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कि अपराधियों की फायरिंग का टीम ने साहस और सतर्कता से सामना किया और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी वारदात को टाल दिया। इस मामले में आगे की जांच जारी है।



Comments
0