Full Story

शिवहर। उत्तर बिहार में हर साल बाढ़ और सिंचाई की दोहरी चुनौती से जूझ रहे लाखों लोगों को राहत देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार सरकार ने बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के तहत 68.80 किलोमीटर लंबी बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का शुभारंभ किया, जिससे बाढ़ प्रबंधन मजबूत होने के साथ किसानों को सिंचाई और कृषि उत्पादन में भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। इसी महत्वाकांक्षी परियोजना को रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड स्थित बेलवा में आयोजित समारोह में राष्ट्र को समर्पित किया। करीब 130.88 करोड़ रुपये की लागत से बने इस लिंक चैनल को बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है। बाढ़ के पानी को मिलेगा नया रास्ता उत्तर बिहार की सबसे बड़ी समस्या हर साल आने वाली बाढ़ रही है। बागमती नदी में जलस्तर बढ़ने पर आसपास के इलाके डूब जाते हैं और लाखों लोग प्रभावित होते हैं। नए लिंक चैनल के जरिए बागमती का अतिरिक्त पानी नियंत्रित तरीके से बूढ़ी गंडक नदी में छोड़ा जा सकेगा, जिससे बाढ़ का दबाव कम होने और जलभराव की समस्या घटने की संभावना है। खेती को मिलेगा सालभर पानी यह परियोजना केवल बाढ़ नियंत्रण तक सीमित नहीं है। सरकार का दावा है कि इससे सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। किसानों को समय पर पानी मिलने से फसल उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत कम होगी और उनकी आय में भी इजाफा होगा। खासकर उन क्षेत्रों को इसका लाभ मिलेगा, जहां सिंचाई के सीमित साधनों के कारण खेती प्रभावित होती रही है। मछली पालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा बढ़ावा सरकार के अनुसार, परियोजना से मत्स्य पालन, पशुपालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा भू-जल पुनर्भरण में सुधार होगा, हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। 'अटल जी का सपना, मोदी सरकार का संकल्प' मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नदी जोड़ परियोजना की परिकल्पना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार जल संसाधनों के वैज्ञानिक एवं समग्र प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण और किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। नदी जोड़ परियोजनाएं विकसित बिहार के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगी। शिवहर को विकास योजनाओं की भी मिली सौगात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवहर जिले के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन और 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा 4,550 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 25.35 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक भी वितरित किया गया।