Full Story
मुंबई। ट्रेलर में महज कुछ सेकेंड की झलक से दर्शकों का दिल जीतने वाला 'वेलकम टू द जंगल' का बहुप्रतीक्षित रोमांटिक गाना 'ओ मेरे बलम' आखिरकार रिलीज हो गया है, जिसकी सुकूनभरी धुन और दिल को छू लेने वाले बोल फिल्म के म्यूजिक एल्बम में एक नया रंग भरते हुए फैंस के लंबे इंतज़ार पर विराम लगा रहे हैं। ट्रेलर में इस गाने की सिर्फ कुछ सेकेंड की झलक दिखाई गई थी लेकिन इतनी-सी धुन भी लोगों के दिलों में उतर गई। सोशल मीडिया पर बड़ी तादाद में फैंस लगातार इस गाने की रिलीज़ डेट पूछ रहे थे। अब उनका इंतज़ार खत्म हो गया है और 'ओ मेरे बलम' पूरे वीडियो के साथ दर्शकों के सामने आ चुका है। सादगी में छुपा है इस गाने का असली जादू जहां फिल्म का पहला गाना 'तेरा पैसा मेरा पैसा' पूरी तरह मस्ती, डांस और एनर्जी से भरपूर था, वहीं 'ओ मेरे बलम' बिल्कुल अलग एहसास लेकर आता है। इसकी मुलायम धुन, सुकून देने वाला संगीत और दिल को छू लेने वाले बोल इसे फिल्म के सबसे खास गानों में शामिल करते हैं। यह गाना सिर्फ सुनने में ही खूबसूरत नहीं लगता, बल्कि इसकी मेलोडी लंबे वक्त तक ज़ेहन में बनी रहती है। यही वजह है कि ट्रेलर में इसकी छोटी-सी झलक ने भी लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया था। आनंद राज आनंद बोले- हर अच्छा गाना शोर नहीं, एहसास मांगता है गाने के संगीतकार आनंद राज आनंद ने बताया कि 'ओ मेरे बलम' बनाते वक्त उनकी कोशिश सिर्फ इतनी थी कि इसकी धुन सीधे लोगों के दिल तक पहुंचे। उन्होंने कहा, "हर गाने को भारी-भरकम म्यूजिक या मुश्किल कंपोजिशन की ज़रूरत नहीं होती। कई बार एक आसान, सच्ची और दिल से निकली धुन ही सबसे ज्यादा असर छोड़ती है। ट्रेलर में लोगों ने जिस तरह इस गाने की छोटी-सी झलक को पसंद किया, उससे हमें यकीन हो गया था कि यह गाना लोगों के दिलों तक पहुंच चुका है।" उन्होंने आगे कहा कि ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद लगातार लोग इस गाने के बारे में पूछ रहे थे। उनके मुताबिक दर्शकों का यह प्यार पूरी टीम के लिए बेहद खास रहा और अब उन्हें खुशी है कि लोग इस गाने को पूरा सुन सकते हैं। इन कलाकारों ने मिलकर सजाया खूबसूरत गाना 'ओ मेरे बलम' का संगीत आनंद राज आनंद ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल फरहाद सामजी ने लिखे हैं। इस रोमांटिक ट्रैक को काव्याकृति और साकेत बी ने अपनी दिलकश आवाज दी है। गाने का म्यूजिक प्रोडक्शन अंकित गुप्ता (अंकी) ने किया है। प्रोग्रामिंग की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही निभाई है, जबकि भास्कर शर्मा ने इसकी मिक्सिंग और मास्टरिंग कर इसे शानदार साउंड दिया है। एक एल्बम, दो अलग रंग फिल्म के म्यूजिक एल्बम में अब तक रिलीज हुए दोनों गाने बिल्कुल अलग अंदाज पेश करते हैं। 'तेरा पैसा मेरा पैसा' जहां दर्शकों को झूमने और डांस करने पर मजबूर करता है, वहीं, 'ओ मेरे बलम' अपनी सॉफ्ट मेलोडी और रोमांटिक एहसास से सीधे दिल में उतर जाता है। यही विविधता फिल्म के म्यूजिक एल्बम को और खास बनाती है। 'वेलकम टू द जंगल' 26 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले 25 जून की शाम 7:30 बजे से फिल्म के पेड प्रीव्यू भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे दर्शकों को रिलीज़ से पहले ही फिल्म देखने का मौका मिलेगा। सितारों की सबसे बड़ी टोली लेकर आ रही है फिल्म निर्देशक अहमद खान की इस मेगा एंटरटेनर में बॉलीवुड की सबसे बड़ी स्टारकास्ट नज़र आने वाली है। फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, ज़ाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज़ खान (अर्जुन), स्वर्गीय पंकज धीर, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोडवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली जैसे कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को ए.ए. नाडियाडवाला, केप ऑफ गुड फिल्म्स और स्टार स्टूडियो 18 ने सीता फिल्म्स और राकेश डांग के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है। इसका निर्माण बेस इंडस्ट्रीज़ ग्रुप के बैनर तले राकेश डांग और वेदांत विकास बाली ने किया है, जबकि निर्माता फिरोज़ ए. नाडियाडवाला हैं।



Comments
0