Full Story
12 साल बाद लौट रहा ‘प्रेम’ का जादू : “ये प्रेम मोल लिया” का ऐलान मुंबई, राजश्री प्रोडक्शंस ने अपनी हर कहानी में रिश्तों और प्यार की पहचान बने ‘प्रेम’ को 12 साल बाद फिर से बड़े पर्दे पर नई कहानी के साथ लौटाने के लिए फिल्म “ये प्रेम मोल लिया” का एलान कर दिया है। मशहूर फिल्मकार सूरज आर. बड़जात्या की “ये प्रेम मोल लिया” एक म्यूजिकल फैमिली एंटरटेनर फिल्म होगी, जो 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर इस फिल्म का निर्माण कर रहे हैं, जिससे इसकी भव्यता और गुणवत्ता को लेकर पहले से ही उम्मीदें बढ़ गई हैं। इस फिल्म की सबसे खास बात राजश्री का मशहूर किरदार ‘प्रेम’ करीब 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहा है और इस बार इसे निभा रहे हैं आयुष्मान खुराना। अपनी सादगी, सहज अभिनय और शरारती अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले आयुष्मान इस किरदार में नई ताजगी लेकर आने वाले हैं। उनके साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगी शरवरी वाघ, जिनकी सादगी और मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस राजश्री की पारंपरिक हीरोइन की छवि को आगे बढ़ाएगी। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इस फिल्म का बड़ा आकर्षण बनने वाली है। फिल्म का एक और मजबूत पहलू इसका संगीत है। करीब 12 साल बाद हिमेश रेशमिया और सूरज बड़जात्या की जोड़ी फिर साथ काम कर रही है। इससे पहले दोनों ने प्रेम रतन धन पायो में साथ काम किया था, जिसका म्यूजिक काफी हिट रहा था। ऐसे में इस फिल्म से भी शानदार और दिल को छू लेने वाले गानों की उम्मीद की जा रही है। फिल्म ऊंचाई के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद सूरज बड़जात्या एक बार फिर अपने पसंदीदा जॉनर फैमिली एंटरटेनर में लौट रहे हैं। ऐसे समय में जब हिंदी सिनेमा में एक्शन, हॉरर और बड़े बजट की फिल्मों का दबदबा है, “ये प्रेम मोल लिया” रिश्तों, भावनाओं और पारिवारिक मूल्यों को केंद्र में रखकर एक अलग ही अनुभव देने का वादा करती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘प्रेम’ का यह नया अंदाज़ दर्शकों के दिलों पर कितना गहरा असर छोड़ता है। सूरज आईएनआई



Comments
0