Full Story

पटना/सासाराम। बिहार के लघु जल संसाधन विभाग में रोहतास जिले के सासाराम प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार को पटना, सासाराम, मुजफ्फरपुर और बांका समेत छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर करोड़ों रुपये की संपत्ति, सोने-चांदी के आभूषण, महंगी घड़ियां और अहम दस्तावेज बरामद किए। पटना से लेकर सासाराम तक एक साथ कार्रवाई आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईओयू की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी। पटना के दानापुर स्थित फ्लैट और आशापुर स्थित एक अन्य फ्लैट की तलाशी ली गई। इसके अलावा सासाराम स्थित सरकारी कार्यालय, डेहरी-ऑन-सोन के सरकारी आवास, मुजफ्फरपुर और बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के पैतृक गांव पीपरडीह में भी तलाशी अभियान चलाया गया। 1.20 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप सूत्रों ने बताया कि अरविंद कुमार चौधरी पर करीब 1.20 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य सामने आए। इसके बाद मामला दर्ज कर विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया। दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी ईओयू छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी संपत्ति के दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय कागजात की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद जब्त सामान और संपत्तियों का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।