Full Story

पटना। बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए आज भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारियों का तबादला कर दिया तथा एक को अतिरिक्त प्रभार सौंपा। गृह विभाग (आरक्षी शाखा) की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पंकज कुमार राज को एससीआरबी का आईजी बनाया गया है। साथ ही उन्हें रेलवे के आईजी पद की अतिरिक्त जिम्मेवारी दी गई है। वर्ष 2006 बैच की आईपीएस और तक़ीनीकी सेवाएं एवं संचार की आईजी एस. प्रेमलथा को मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की आईजी के पद पर तबादला किया गया है।वहीं, वर्ष 2008 बैच के आईपीएस एवं विशेष शाखा के आईजी संजय कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के आईजी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशाम सेवाएं के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एवं उप महासमादेष्ट सुधीर कुमार पोरिका को एससीआरबी का डीआईजी, पदस्थापन की प्रतीक्षा में वर्ष 2011 बैच के आईपीएस कुमार गौतम को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 का समदेष्टा, तथा 2012 बैच के आईपीएस एवं यातायात के डीआईजी सुशांत कुमार सरोज को आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) का डीआईजी बनाया गया है। साथ ही उन्हें यातायात के डीआईजी पद की अतिरिक्त जिम्मेवारी भी दी गई है। इसी तरह वर्ष 2012 बैच के आईपीएस एवं बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के डीआईजी दीपक रंजन को डकैती निरोध (अपराध अनुसंधान विभाग-सीआईडी) का डीआईजी, वर्ष 2018 बैच के आईपीएस और विशेष सुरक्षा दल के समादेष्टा मनीष कुमार सिन्हा को अश्वारोही विशेष सशस्त्र पुलिस, आरा का समादेष्टा तथा 2018 बैच के आईपीएस एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 के समादेष्टा अजय कुमार को विशेष सुरक्षा दल का समादेष्टा बनाया गया है।