Full Story

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है, जहां एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून रफ्तार पकड़ रहा है तो दूसरी ओर कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और लू का खतरा बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले सात दिनों के दौरान दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए अरब सागर के मध्य हिस्सों, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। अगले दो से तीन दिनों में इसके महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में भी सक्रिय होने की संभावना है। केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट आईएमडी ने बताया कि अगले एक सप्ताह के दौरान केरल, माहे और कर्नाटक में कई स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। खासतौर पर 06 और 07 जून को केरल और माहे में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी लगातार भारी बारिश होने के आसार हैं। उत्तर भारत में आंधी, तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम का दूसरा रूप देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। राजस्थान में धूलभरी आंधी को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली-एनसीआर में राहत भरा मौसम राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 07 जून से मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू होगा और 08 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। कई राज्यों में अभी भी लू का खतरा बारिश और आंधी के बीच देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में सबसे अधिक 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 05 और 06 जून को तीव्र लू चलने की आशंका जताई है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 08 से 11 जून और पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 09 से 11 जून के बीच भीषण गर्मी लौट सकती है। ओडिशा में भी 09 जून तक उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। मछुआरों और किसानों के लिए विशेष सलाह खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को 05 से 10 जून तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में नहीं जाने की सलाह दी है। वहीं, किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने तथा पशुपालकों को मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की अपील की है।