Full Story

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के साथ तीसरे दौर की वार्ता में अपनी तीनों प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने का दावा करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर पिछले करीब एक महीने से चल रहा छात्र आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की और प्रदर्शनकारियों से घर लौटने की अपील की। तीनों मांगें पूरी होने का दावा सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा , जितेंद्र सिंह और सीजेपी नेता सौरभ दास के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन समाप्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी तीनों प्रमुख मांगों पर सहमति दे दी है। इनमें श्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा , आंदोलनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों को वापस लेना और नीट विवाद से जुड़े पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देना शामिल है। उन्होंने कहा कि श्री प्रधान के इस्तीफे के साथ पहली मांग पूरी हो गई है जबकि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज 15 से 20 एफआईआर वापस लेने और भविष्य में कोई कार्रवाई नहीं करने का भरोसा भी सरकार ने दिया है। प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर जश्न शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आते ही जंतर-मंतर पर मौजूद छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने "छात्र एकता जिंदाबाद" के नारे लगाए, राष्ट्रगान गाया और नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा। नड्डा बोले- सरकार ने मांगें मान लीं, आंदोलन खत्म करें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सीजेपी प्रतिनिधियों के साथ तीसरे दौर की लंबी बातचीत हुई, जिसमें प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की मांग स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि सीजेपी की ओर से परीक्षा सुधार से जुड़े पांच सुझाव दिए गए हैं, जिन पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और आगे जानकारी साझा करेगी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। मंगलवार तक मिलेगा लिखित आश्वासन सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने बताया कि सरकार के साथ एक ड्राफ्ट साझा किया गया है और मंगलवार तक लिखित आश्वासन देने का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सुधार के मुद्दों पर चार सप्ताह बाद सरकार के साथ फिर बैठक होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने नीट से जुड़े आत्महत्या के मामलों में पीड़ित परिवारों को सम्मानजनक मुआवजा देने पर भी सहमति जताई है। 20 जून से चल रहा था आंदोलन गौरतलब है कि 20 जून से जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन चल रहा था। यह आंदोलन बाद में देश के कई राज्यों तक फैल गया। अब सरकार के साथ सहमति बनने के बाद सीजेपी ने सभी प्रदर्शनकारियों से अपने-अपने घर लौटने की अपील करते हुए आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया।