Full Story
मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की कीमतों के दो सप्ताह से अधिक के निचले स्तर के आसपास बने रहने से बुधवार को भारतीय शेयर बाजार को सहारा मिला और सेंसेक्स 299.17 अंक चढ़कर 74,828.25 पर पहुंच गया तथा निफ्टी 117.80 अंक की तेजी के साथ 23,446.80 पर रहा। सस्ते तेल ने बाजार में भरा दम तेल आयात पर निर्भर भारत के लिए कच्चे तेल की कीमतों में नरमी राहत लेकर आई। ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बना रहा, जिससे घरेलू शेयर बाजार की धारणा को मजबूती मिली। पश्चिम एशिया में तनाव हालांकि पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान को लेकर बेहद कड़ा बयान दिया, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनके दूतों की ईरानी मध्यस्थों के साथ करीब सात महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए सकारात्मक बातचीत हुई है। इसके अलावा सऊदी अरब की ओर से लाल सागर की एक प्रमुख पाइपलाइन के जरिए आपूर्ति बहाल होने से भी तेल की कीमतों को नीचे रखने में मदद मिली। सेंसेक्स 74,828 पर, निफ्टी 23,446 के पार बीएसई सेंसेक्स 74,648.32 पर खुला और कारोबार के दौरान 74,973.74 के ऊपरी स्तर तक पहुंचा। इसका निचला स्तर 74,599.88 रहा। सेंसेक्स अंततः पिछले बंद स्तर 74,529.08 के मुकाबले 299.17 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,828.25 पर रहा। वहीं, निफ्टी 50 117.80 अंक यानी 0.50 प्रतिशत चढ़कर 23,446.80 पर पहुंच गया। निफ्टी ने 23,352.15 पर शुरुआत की और कारोबार के दौरान 23,466.90 का ऊपरी स्तर छुआ। मिडकैप-स्मॉलकैप में ज्यादा जोश बाजार की तेजी केवल दिग्गज शेयरों तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स 0.63 प्रतिशत बढ़कर 16,967.16 पर पहुंचा, जबकि बीएसई 250 स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.65 प्रतिशत की तेजी रही और यह 7,238.81 पर पहुंच गया। मेटल बना बाजार का स्टार, 2.37 प्रतिशत की छलांग सेक्टोरल मोर्चे पर सबसे ज्यादा चमक मेटल शेयरों में दिखाई दी। मेटल इंडेक्स 2.37 प्रतिशत उछला। कमोडिटीज इंडेक्स में 1.64 प्रतिशत, एफएमसीजी में 1.30 प्रतिशत और पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.18 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। टेलीकम्युनिकेशंस में 0.93 प्रतिशत, हेल्थकेयर और इंडस्ट्रियल्स में 0.83-0.83 प्रतिशत, बैंकेक्स में 0.61 प्रतिशत, फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.59 प्रतिशत और इंश्योरेंस इंडेक्स में 0.60 प्रतिशत की बढ़त रही। मिड-स्मॉल प्राइवेट बैंक क्वालिटी टिल्ट इंडेक्स 1.49 प्रतिशत और मिड-स्मॉल प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.47 प्रतिशत चढ़ा। आईटी ने बाजार की तेजी पर लगाया ब्रेक ज्यादातर सेक्टर हरे निशान में रहे, लेकिन आईटी शेयर बाजार की चाल के उलट चलते नजर आए। आईटी इंडेक्स 0.77 प्रतिशत गिरा , जबकि फोकस्ड आईटी इंडेक्स में 0.93 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। टाटा स्टील ने मारी बाजी, बजाज फाइनेंस भी दौड़ा सेंसेक्स शेयरों में टाटा स्टील सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वालों में रहा। इसका शेयर 3.28 प्रतिशत चढ़कर 190.75 रुपये पर पहुंच गया। बजाज फाइनेंस 3.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,040 रुपये पर रहा। आईटीसी में 1.77 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.73 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। पावर ग्रिड 1.65 प्रतिशत, लार्सन एंड टुब्रो 1.50 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.15 प्रतिशत और सन फार्मा 1.14 प्रतिशत मजबूत हुए। अडानी पोर्ट्स में 1.04 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर में 0.83 प्रतिशत और भारती एयरटेल में 0.77 प्रतिशत की तेजी रही। एचसीएल टेक, इंफोसिस और टीसीएस फिसले दूसरी ओर आईटी दिग्गजों में बिकवाली ने बाजार की बढ़त को सीमित किया। एचसीएल टेक 1.10 प्रतिशत गिरकर 1,256 रुपये , इंफोसिस 1.03 प्रतिशत टूटकर 1,019.20 रुपये और टीसीएस 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,085.90 रुपये पर रहा। टाइटन में 0.60 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.49 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। आईसीआईसीआई बैंक 0.15 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.15 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 0.14 प्रतिशत कमजोर रहा। एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार एशियाई शेयर बाजारों में तस्वीर मिली-जुली रही। जापान का निक्केई 1.38 प्रतिशत चढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.90 प्रतिशत मजबूत रहा। दूसरी तरफ हांगकांग का हैंग सेंग 1.01 प्रतिशत गिरा और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.39 प्रतिशत नीचे रहा।



Comments
0