Full Story

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 114.400 किलोग्राम (एक क्विंटल से अधिक) गांजा बरामद कर नेपाल के एक नागरिक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के सीमा पार कनेक्शन की जांच में जुट गई है। जितना में डिलीवरी से पहले तस्कर दबोचा गया पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पहली कार्रवाई जितना थाना क्षेत्र के बनकटवा स्थित बौद्धि माई मंदिर के पास की गई। गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांजे की खेप की डिलीवरी से पहले एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान लखौरा थाना क्षेत्र निवासी पचू राय के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। भूसे के कोठार से निकले 86 किलो गांजा के बंडल पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके पैतृक घर में छापेमारी की। वहां परिसर में बने भूसे के कोठार में छुपाकर रखे गए 86 किलोग्राम गांजा के पांच बंडल बरामद किए गए। इससे यह साफ हुआ कि आरोपी बड़े स्तर पर गांजे की तस्करी में शामिल था। महुअवा में नेपाली तस्कर भी गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई महुअवा थाना क्षेत्र के सिरकट्टी माई स्थान के पास की गई। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक बाइक सवार को रोका, जिसके पास से 13.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी मुन्ना कुमार नेपाल के बारा जिले के सेमरा थाना क्षेत्र के सिसनिया गांव का निवासी है। तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब पुलिस गांजे की इस खेप के मुख्य स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और सीमा पार तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही है।