Full Story

ढाका। बांग्लादेश के रंगपुर शहर में रिटायर्ड स्कूल शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65) , उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50) , बेटी आगामी (प्रार्थी) चक्रवर्ती (23) और 12 वर्षीय बेटे प्रियाम चक्रवर्ती की उनके घर में निर्मम हत्या के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक रिटायर्ड स्कूल शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती , बेटी आगामी (प्रार्थी) चक्रवर्ती और बेटे प्रियाम चक्रवर्ती के शव उनके बंद घर से बरामद हुए। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है लेकिन परिजनों का दावा है कि इतनी बड़ी वारदात दो लोगों के बूते संभव नहीं और इसके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ हो सकता है। दो दिन तक बंद रहा घर, फोन बंद होने पर खुला राज परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात के बाद से परिवार के चारों मोबाइल फोन बंद हो गए थे। लगातार संपर्क नहीं होने पर रिश्तेदार शनिवार रात रंगपुर के दासपाड़ा-मछुआपाड़ा स्थित घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था और भीतर अंधेरा पसरा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। चारों शव अलग-अलग स्थानों पर पड़े थे। घर के अलग-अलग हिस्सों में मिले शव पुलिस के मुताबिक, गणपति चक्रवर्ती का शव मकान की छत पर मिला जबकि उनकी पत्नी प्रीतिलता और बेटी आगामी के शव सीढ़ियों पर पड़े थे। 12 वर्षीय बेटे प्रियाम का शव एक कमरे में बिस्तर के नीचे मिला। घर का सामान बिखरा हुआ था, जिससे शुरुआती जांच में लूटपाट की आशंका भी सामने आई। चेहरों को जलाने का सनसनीखेज आरोप रविवार शाम पोस्टमाॅर्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपे गए तो परिवार ने बड़ा आरोप लगाया। प्रीतिलता चक्रवर्ती की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने कहा कि चारों शवों के चेहरे जले हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले उन्हें शवों के पास नहीं जाने दिया और बाद में पता चला कि चेहरों पर किसी ज्वलनशील या रासायनिक पदार्थ से जलाने की कोशिश की गई थी। उनका कहना है कि यह पूरी तरह सुनियोजित हत्या है। सीआईडी बोली- फोरेंसिक रिपोर्ट से होगा खुलासा रंगपुर सीआईडी के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि हत्या से पहले या बाद में चेहरों पर किसी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया गया। घटनास्थल से नमूने एकत्र कर फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कौन-सा पदार्थ इस्तेमाल किया गया था। दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बताई पूरी वारदात पुलिस ने इस मामले में मुग्धो दास और सिद्धार्थ दास नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों उसी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों नशे के आदी हैं। रंगपुर महानगर पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गुरुवार रात पड़ोसी इमारत से छत के रास्ते गणपति चक्रवर्ती के मकान में पहुंचे और वहां नशा कर रहे थे। आवाज सुनकर गणपति छत पर पहुंचे और विरोध किया। इसके बाद कथित तौर पर आरोपियों ने गमछे से उनका गला घोंट दिया। बाद में शोर सुनकर पहुंचीं पत्नी और बेटी की भी हत्या कर दी गई तथा अंत में 12 वर्षीय बेटे प्रियाम को भी मार डाला। हत्या के बाद घर में नहाए, खाना खाया और फिर की लूट पुलिस का दावा है कि चारों हत्याओं के बाद आरोपी कई घंटों तक उसी घर में रुके रहे। उन्होंने घर में स्नान किया, फ्रिज से खाना और फल खाए, दोबारा नशा किया और बाद में बिजली काटकर घर से सोने के गहने तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कुछ सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं। 15 लाख टका की रकम भी जांच के घेरे में जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि गणपति चक्रवर्ती ने हाल ही में अपने अधूरे मकान का निर्माण पूरा कराने के लिए भविष्य निधि (प्रोविडेंट फंड) से करीब 15 लाख टका (बांग्लादेशी मुद्रा) निकाले थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह रकम बैंक में थी या घर में रखी गई थी और क्या इसी रकम के लिए वारदात को अंजाम दिया गया। परिजन बोले- दो लोग नहीं कर सकते इतनी बड़ी वारदात गणपति चक्रवर्ती के बड़े भाई गोपीनाथ चक्रवर्ती ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि उन्हें गिरफ्तार दोनों युवकों की कोई जानकारी नहीं है और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस हत्याकांड में किसी बड़े गिरोह की भूमिका है।उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से पूरी साजिश सामने आएगी और सभी दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। पूरा शहर सदमे में, न्याय की मांग तेज इस हत्याकांड से रंगपुर में भारी आक्रोश है। रंगपुर जिला स्कूल के शिक्षक और छात्रों ने मानव शृंखला बनाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कई सामाजिक और नागरिक संगठनों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की है। जांच जारी, कई सवालों के जवाब बाकी फिलहाल पुलिस और सीआईडी कई पहलुओं पर जांच कर रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ लूटपाट के दौरान हुई हत्या थी या इसके पीछे पहले से रची गई बड़ी साजिश थी। फोरेंसिक रिपोर्ट, बरामद साक्ष्य और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस सनसनीखेज हत्याकांड के कई और राज खुल सकते हैं।