Full Story

एम. ए. खान पटना। बिहार की राजधानी पटना के बहुचर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड की सुनवाई के दौरान यहां की एक सत्र अदालत में आज अभियोजन ने अपने दसवें गवाह का बयान कलमबंद करवाया । जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-20 की अदालत में मामले के चल रहे स्पीडी ट्रायल में अभियोजन ने अपने दसवें गवाह के रूप में गांधी मैदान थाना के तत्कालीन दारोगा प्रमोद कुमार को पेश किया गया। अदालत में गवाह की गवाही दर्ज की गई। गवाही के दौरान इस मामले में आरोपित उमेश यादव और अशोक साहू उर्फ अशोक कुमार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में उपस्थित कराया गया था। गौरतलब है कि 04 जुलाई 2025 की रात्रि में अपराधियों ने उद्योगपति गोपाल खेमका की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वे गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक स्थित कटारुका अपार्टमेंट में अपने घर के नजदीक पहुंचे थे। बदमाश वहां पूर्व से घात लगाए बैठे थे ।