Full Story

मुंबई। टेलीविजन और ओटीटी पर गंभीर और दमदार किरदारों से अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री हेली शाह अब दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। अपनी आगामी वेब सीरीज ‘चुंबक’ के जरिए वह पहली बार कॉमेडी की दुनिया में कदम रख रही हैं। हेली के लिए यह नया सफर जितना रोमांचक था, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी। इससे पहले कभी कॉमेडी नहीं करने के कारण उन्हें शुरुआत में भरोसा नहीं था कि वह इस जॉनर के साथ न्याय कर पाएंगी। हालांकि शो के लेखक-निर्देशक आतिश कपाड़िया के विश्वास ने न सिर्फ उनका डर दूर किया, बल्कि उनके अभिनय का एक नया पहलू भी सामने लाया। पहली बार कॉमेडी, सेट पर पहुंचीं तो थीं नर्वस अपने अनुभव को साझा करते हुए हेली ने बताया कि कॉमेडी करने का यह उनका पहला मौका है और शुरुआत में वह इसे लेकर काफी घबराई हुई थीं। हेली ने कहा, “मैंने पहले कभी कॉमेडी नहीं की थी और सच कहूं तो मैं बहुत नर्वस थी। मुझे यकीन नहीं था कि मैं इसे कर पाऊंगी।” इस चुनौती से पार पाने का श्रेय उन्होंने आतिश कपाड़िया को दिया। हेली के मुताबिक, निर्देशक ने उनकी उस प्रतिभा को पहचान लिया था, जिससे वह खुद भी अनजान थीं। निर्देशक के भरोसे ने किया ‘चुंबक’ जैसा काम हेली ने बताया कि वह बिना किसी तय सोच के सेट पर पहुंची थीं और उन्होंने खुद को पूरी तरह निर्देशक के विजन के हवाले कर दिया था। उन्हें नहीं पता था कि पर्दे पर उनका कॉमिक अंदाज कैसा दिखाई देगा, लेकिन आतिश कपाड़िया के मार्गदर्शन ने उनकी राह आसान बना दी। उन्होंने कहा, “आतिश सर का मुझ पर भरोसा था, इसलिए मैं यह कर पाई। मैं खुश हूं कि उन्होंने मेरे अंदर वह चमक देखी।” खुद में खोजी कॉमेडी की नई चमक ‘चुंबक’ हेली के लिए सिर्फ एक अलग जॉनर का प्रोजेक्ट नहीं रहा, बल्कि इसने उन्हें अपनी अभिनय क्षमता को नए तरीके से समझने का अवसर भी दिया। हेली के अनुसार, इस सीरीज ने उनके भीतर छिपी उस कलाकार से उनका परिचय कराया, जिसके बारे में वह पहले नहीं जानती थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें सच में अंदाजा नहीं था कि वह कॉमेडी भी कर सकती हैं। दर्शकों को दिखेगा हेली का अनदेखा अंदाज ‘चुंबक’ के साथ हेली शाह अपनी गंभीर किरदारों वाली छवि से बाहर निकलकर बिल्कुल नए अंदाज में दिखाई देंगी। इस बार दर्शकों को उनकी इमोशनल या संजीदा परफॉर्मेंस के साथ नहीं, बल्कि कॉमिक टाइमिंग से रूबरू होने का मौका मिलेगा। अपने अभिनय के इस नए रंग को लेकर हेली बेहद उत्साहित हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि गंभीर भूमिकाओं में दर्शकों का दिल जीत चुकीं हेली अपनी कॉमेडी से कितनी जोरदार छाप छोड़ती हैं।